पहाडों की बर्फ से मैदानी इलाकों में ठिठुरन, लोग घरों से कम निकल रहे बाहर
जागरण संवाददाता, रोहतक : पहाड़ों की बर्फबारी ने मैदानी क्षेत्रों में भी ठंडक बढ़ा दी है।
जागरण संवाददाता, रोहतक :
पहाड़ों की बर्फबारी ने मैदानी क्षेत्रों में भी ठंडक बढ़ा दी है। ठंडक के अहसास ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है। तापमान लगातार गिरने पर कामकाज भी प्रभावित होने लगा है। रात के समय ठंड अधिक होने के कारण लोग गर्म कपड़ों के सहारे राहत पा रहे हैं। वहीं दिन के समय खिली धूप ने कुछ गर्माहट का अहसास कराया, लेकिन शाम ढलते ही फिर से ठंड का प्रकोप बढ़ जाता है। शीत लहर चलने से धूप में कंपकंपी रही।
शुक्रवार-शनिवार को जहां रात के समय तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं दिन में सूरज निकलने के कारण दोपहर के समय तापमान 21 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा। दिन में सूर्य निकलने के कारण ही लोग कुछ राहत महसूस करते है, अन्यथा शाम को फिर से ठंड बढ़नी शुरू हो जाती है। सड़कें सूनी होने के साथ बाजार भी बंद होने लगते हैं। जिस कारण व्यापार पर भी खासा असर पड़ रहा है। ठंड के कारण लोग जगह-जगह अलाव जलाकर सर्दी से बचने की कोशिश करते हैं।