तंवर बोले- राफेल से ध्यान भटकाने को भाजपा एजेंट ने करवाई एफआइआर
जमीन हथियाने के मामले में हुड्डा और वाड्रा पर दर्ज हुए केस को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि राफेल को लेकर कांग्रेस आक्रामक है।
जेएनएन, हिसार। जमीन हथियाने के मामले में हुड्डा और वाड्रा पर दर्ज हुए केस को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि राफेल को लेकर कांग्रेस आक्रामक है। पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी हो रही है। इससे 11 लाख करोड़ सरकार कमा चुकी। हमने ये सब लोगों के सामने रखा तो भाजपा को ध्यान भटकाने के लिए साढ़े चार साल बाद ये बातें याद आ गईं।
तंवर ने कहा कि एफआइआर में जो धाराएं लगाई गई हैं, वो गलत हैं। ये धाराएं लग ही नहीं सकतीं। जिस व्यक्ति की शिकायत पर एफआइआर दर्ज हुई, वो भाजपा का एजेंट है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर बरवाला की कपास मंडी में 'अधिकार रैली' को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
तंवर ने कहा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस, भाजपा के घोटालों की चार्जशीट तैयार करेगी और 30 सितंबर को पानीपत में होने वाली रैली में भाजपा की पोल खोलेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह सरकार बिन ब्याहे लोगों की सरकार है। ये जुमले छोड़ती है। ब्याह के गीत सारे सच्चे नहीं होते। वैसे ही ये लोग मेयर का चुनाव करवाएंगे या नहीं। प्रत्यक्ष करवाएंगे या अप्रत्यक्ष, कुछ पता नहीं। वहीं इनेलो के हरियाणा बंद पर कहा कि इस बंद का कोई असर नहीं हुआ। लोगों को यह भी नहीं पता कि जिस पार्टी ने हरियाणा बंद का एलान किया था, आखिर उसकी मंशा क्या है।