डिजिटल लेन-देन में बरतें सावधानी, अपनी डिटेल सांझा करने से बचें : सुनील जोशी
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर वेबिनार के जरिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विषय था-इनवेस्टर अवेयरनेस। इसमें लोगों को जागरूक किया गया।
जागरण संवाददाता, रोहतक : अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर वेबिनार के जरिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विषय था-इनवेस्टर अवेयरनेस। इसमें हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के नेहरू युवा केंद्र संगठन के युवाओं ने जुड़कर एक्सपर्ट की बात सुनी और उनसे सवाल-जवाब किए। यह वेबिनार संगठन के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर लेफ्टिनेंट कर्नल अरुण कुमार ने आयोजित कराया।
अमेरिका से जुड़े बैंक ऑफ इंडिया से सेवानिवृत्त अधिकारी सुनील जोशी ने वित्तीय धोखाधड़ी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वित्तीय फ्रॉड इस समय बहुत अधिक बढ़ चुके हैं। लोगों को यह बात समझनी चाहिए कि बैंक हमेशा उनके भले के लिए होते हैं। उनको कर्ज देकर उनके जीवन में सुधार करते हैं। इसलिए सभी कर्ज को समय से चुकता करें। बैंक के मित्र बनकर रहें, बैंक हमेशा साथ रहता है। उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटलाइजेशन के दौर में जहां हमारे लिए बैंकिग आसान हुई है, वहीं इसके नुकसान भी लोगों को झेलने पड़ रहे हैं। इसलिए हम सभी को डिजिटल बैंकिग के दौरान बहुत ही ध्यान से कार्य करना चाहिए। किसी को अपना एटीएम पिन ना बताएं। ध्यान से डिजिटल लेन-देन करें।
वेबिनार में कानपुर से अशोक बग्गा ने सरल भाषा में इनवेस्टर अवेयरनेस पर कौन बनेगा करोड़पति का उदाहरण देकर अपनी बात रखी।
लेफ्टिनेंट कर्नल अरुण कुमार सभी अतिथियों का बैंकिग के क्षेत्र में बताई गई अमूल्य बातों के लिए धन्यवाद किया। इससे सभी को फायदा होगा। नेहरू युवा केन्द्र संगठन के स्टेट डायरेक्टर एके वर्मा ने वेबिनार में अहम भूमिका निभाई। और नेहरू युवा केंद्र रोहतक से समन्वयक आशीष सांगवान के साथ वॉलंटियर्स अलीशा खासा, नवनीत हुडा और सचिन बागड़ी, पूनम और विवेक नांदल उपस्थित रहे।