रोहतक के सुपवा में पहली बार सजेगा अंतरराष्ट्रीय सिनेमा का मंच, जुटेंगे देश-विदेश के फिल्मकार
सुपवा में 19 और 20 सितंबर को इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ हाइफा का आयोजन होगा, जिसमें देश-विदेश की फिल्में दिखाई जाएंगी।
-1789405375352_m.webp)
सुपवा में पहली बार सजेगा अंतरराष्ट्रीय सिनेमा का मंच।
HighLights
सुपवा में 19-20 सितंबर को इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ हाइफा
विभिन्न देशों की चुनिंदा फिल्मों की स्क्रीनिंग और अवार्ड समारोह
युवा फिल्मकारों को अनुभवी कलाकारों से संवाद का मंच मिलेगा
जागरण संवाददाता, रोहतक। सुपवा में अब तक का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय फिल्मी मंच सजने जा रहा है, जहां देश-विदेश का सिनेमा एक ही छत के नीचे दिखाई देगा। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफार्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (सुपवा) में 19 और 20 सितंबर को इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ हाइफा का आयोजन होगा।
हरियाणवी इनोवेटिव फिल्म एसोसिएशन, सुपवा और स्टेज ऐप के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में विभिन्न देशों की चुनिंदा फिल्मों की स्क्रीनिंग के साथ फिल्म जगत की नामचीन हस्तियां जुटेंगी।
बॉलीवुड अभिनेता-निर्देशक यशपाल शर्मा की फिल्म और हरियाणा की क्लासिकल फिल्म ‘सांझी’ भी दर्शकों के सामने होगी। दो दिवसीय समारोह में सिनेमा की स्क्रीनिंग के साथ प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए अवार्ड समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
102 प्रविष्टियों में से 20 फिल्में अंतिम
हाइफा सचिव रामपाल बल्हारा ने बताया कि मार्च से देश-विदेश के फिल्मकारों से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई थीं। फीचर, रीजनल, शार्ट, लान्ग शार्ट, शार्ट व लान्ग डाक्यूमेंट्री, स्टूडेंट, मोबाइल, शार्ट व लान्ग एनीमेशन और म्यूजिक वीडियो समेत विभिन्न श्रेणियों में फिल्में मंगाई गईं।
प्रेम, सौहार्द और सांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा देने के लिए अफगानिस्तान, तुर्की, ईरान और फिलिस्तीन की फिल्मों का प्रवेश शुल्क निशुल्क रखा गया। कुल 102 प्रविष्टियां मिलीं। इंटरनल ज्यूरी ने इनमें से 80 फिल्मों को चुना, जबकि मुख्य ज्यूरी ने विभिन्न श्रेणियों में स्क्रीनिंग के लिए 20 फिल्मों का अंतिम चयन किया। इनमें भारत के साथ ईरान और तुर्की के निर्देशकों की फिल्में शामिल हैं।
युवा फिल्मकारों को मिलेगा संवाद का मंच
डॉ. तबस्सुम ने बताया कि फेस्टिवल का उद्देश्य देश-विदेश के फिल्मकारों, कलाकारों, निर्देशकों, लेखकों और तकनीशियनों को एक मंच पर लाना है। स्क्रीनिंग के साथ सिनेमा से जुड़ी गतिविधियां भी होंगी, जिससे युवा व उभरते फिल्मकार अनुभवी कलाकारों से सीख सकेंगे और संवाद कर सकेंगे।
मास्टर क्लास में सिखाएंगे सिनेमा की बारीकियां
बॉलीवुड अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा और अश्विन चौधरी की विशेष मास्टर क्लास आयोजित की जाएगी। इसमें प्रतिभागियों को अभिनय और सिनेमा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।
कई हस्तियां रहेंगी मौजूद
हाइफा अध्यक्ष जनार्दन शर्मा के अनुसार समारोह में पीआर पब्लिक रिलेशंस, आर्ट एंड कल्चर एवं माइनिंग डिपार्टमेंट के कमिश्नर एवं आयुक्त आइएएस अधिकारी केएम पांडुरंग मुख्यअतिथि होंगे। हाइफा चेयरमैन यशपाल शर्मा, सुमित्रा हुड्डा, पंजाबी गायक काका, पंजाबी अभिनेता प्रिंस कंवलजीत सिंह और मासूम शर्मा सहित बॉलीवुड, पंजाबी व हरियाणवी सिनेमा की हस्तियां शामिल होंगी। देश-विदेश के फिल्ममेकर, निर्देशक, निर्माता, कलाकार और तकनीशियन भी फेस्टिवल का हिस्सा बनेंगे।
