एमडीयू में दीपावली तक तैयार होगा छात्र संघ का कार्यालय
जागरण संवाददाता, रोहतक : महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय छात्र संघ का कार्यालय दीपावली तक तैयार
जागरण संवाददाता, रोहतक :
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय छात्र संघ का कार्यालय दीपावली तक तैयार हो जाएगा। इसके अलावा अन्य अधिकारिक स्टेशनरी सामग्री की भी व्यवस्था शीघ्र की जाएगी। छात्र कल्याण विभाग में छात्र संघ के पदाधिकारियों की अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इस बैठक में कार्यालय व अन्य मुद्दों पर चर्चा की।
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) छात्र कल्याण अधिष्ठाता डा. राजकुमार ने बताया कि नव-निर्वाचित स्टूडेंट काउंसिल पदाधिकारियों एवं कार्यकारी समितियों को सभी जरूरी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
प्रो. राजकुमार ने कहा कि छात्र कल्याण कार्यालय और अभियांत्रिकी शाखा छात्र संघ के लिए उपयुक्त कार्यालय की व्यवस्था विवि छात्र सदन में कर रहा है। उनके लिए अधिकारिक स्टेशनरी (लेखन) सामग्री की भी व्यवस्था की जा रही है। प्रो. राजकुमार ने पदाधिकारियों तथा कार्यकारी समिति सदस्यों से उचित ढंग से औपचारिक बैठक आयोजित करने और बैठक में पारित प्रस्तावों को विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करने की बात कही। अधिष्ठाता ने पदाधिकारियों एवं कार्यकारी समिति सदस्यों से उनकी जरूरतों की बात जानी। निदेशक युवा कल्याण डा. जगबीर राठी ने इस आपसी संवाद में अपने इनपुट्स दिए। इस संवाद में अध्यक्षा यशिका, उपाध्यक्ष राहुल, संयुक्त सचिव मनीष कुमार, कार्यकारी समिति सदस्य- शुभम, पुनीत चौहान एवं सौरभ सचदेवा शामिल हुए।