शहर की आधा दर्जन कालोनियों में सीवर ओवरफ्लो, मच्छर कर रहे लोगों को बीमार
रोहतक शहर के विभिन्न स्थानों पर सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से लोग
जागरण संवाददाता, रोहतक : शहर के विभिन्न स्थानों पर सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से लोग परेशान हैं। सीवर जाम होने से मेनहॉल से दूषित पानी सड़क पर फैल रहा है। शहर की कई कालोनियों में सीवर के गंदे पानी से आने वाली बदबू से लोग परेशान हैं। साथ ही लोगों में बीमारियां फैलने का भी भय बना हुआ है। नगर की विशाल नगर, अमृत कालोनी, खोखराकोट, सलारा मुहल्ला, नेहरू कालोनी, फ्रेंड्स कालोनी समेत अन्य क्षेत्र के लोगों को सीवर जाम की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। कालोनीवासियों का कहना है कि आए दिन सीवर जाम हो जाता है। अधिकारियों से शिकायत करने पर भी समाधान नहीं किया जा रहा है। अमृत कालोनी में सीवर के मेनहॉल से ओवरफ्लो हो रहा केमिकल
अमृत कालोनी के जाम सीवर के मेनहॉल से केमिकल युक्त पानी बाहर निकल रहा है। कालोनीवासी आशू, शिव कुमार, कृष्णा, राजू, रामनिवास ने बताया कि करीब 20 दिनों से यह स्थिति बनी हुई है। घर में संचालित एक मिनी फैक्ट्री में एल्युमिनियम वायर पर कोटिग का काम किया जा रहा है। जिसमें केमिकल का इस्तेमाल किया जाता है। यह केमिकल सीवर में बहाया जा रहा है। सीवर ठप होने से केमिकल मेनहॉल से निकल कर सड़क पर फैल गया है। कालोनी में लगा हुआ शहतूत का एक पेड़ केमिकल के संपर्क में आया तो वह पूरी तरह से सूख चुका है। लोगों का आरोप है कि सीवर जाम की शिकायत कई बार पार्षद व अन्य अधिकारियों से भी कर चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई है। विशाल नगर में बढ़ी मच्छरों की तादाद
विशाल नगर कालोनी की गली नंबर पांच में पिछले कई दिनों से सीवर ओवरफ्लो हो रहा है। दुर्गंध और जलभराव से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। दूषित पानी सड़क पर जमा होने के चलते कालोनी में मच्छर पनप रहे हैं। विभाग के अधिकारियों से शिकायत करने पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है।