रोहतक में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 3 दिन और बढ़ी, कैबिनेट मंत्री के आवास पर जोरदार प्रदर्शन; नौकरी पक्का करने की मांग
रोहतक में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल तीन दिन और बढ़कर 9 सितंबर तक जारी रहेगी, जो अब 32वें दिन में ...और पढ़ें
-1788712592977_m.webp)
रोहतक में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 3 दिन और बढ़ी। फोटो जागरण
HighLights
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 9 सितंबर तक बढ़ी।
गोहाना में कैबिनेट मंत्री के आवास पर प्रदर्शन किया।
नियमितीकरण और ठेका प्रथा समाप्त करने की मांग।
जागरण संवाददाता, रोहतक। शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल तीन दिन के लिए और बढ़ गई है। अब यह हड़ताल 9 सितंबर तक जारी रहेगी। वहीं हड़ताल के 32वें दिन सफाई कर्मचारी कैबिनेट मंत्री डा. अरविन्द शर्मा के आवास पर गोहाना में प्रदर्शन किया और सवाल उठाए कि सफाई कर्मचारियों को पक्का क्यों नहीं किया जा रहा है।
हड़ताल के प्रधान शम्भू टांक ने बताया कि रोहतक से करीब 100 कर्मचारी गोहाना पहुंचे और कैबिनेट मंत्री अरविन्द शर्मा के आवास पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों पर एस्मा लगा रही है। उन पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।
इसके साथ ही नगर निगम रोहतक के परिषद में हड़ताल कर रहे कर्मचारियों ने सरकार की तानाशाही नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि हम सरकार की धमकियों से डरने वाले नहीं है। हमें भूखे प्यासे रहने की आदत पड़ चुकी है और हम चाहे भूखे मर जाए, लेकिन अपने बच्चों के भविष्य की खातिर अपनी नौकरी पक्की करवा कर ही दम लेंगे।
हड़ताल के मंच का संचालन नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के पूर्व प्रदेश चीफ आर्गेनाइजर अशोक थोरिया ने किया। इस दौरान रवि, योगेश बिड़लान और महिला विंग की सुशीला, शीला कमलेश, उषा, सुदेश, संजना, मालो, सीमा समेत अन्य मौजूद रही।
नगर निगम ने उठवाया कूड़ा
वहीं नगर निगम की ओर से 4 सितंबर को 319 मीट्रिक टन और 5 सितंबर को 367 मीट्रिक टन कचरा उठाया गया। रविवार को शहर से करीब 130 मिट्रिक टन कूड़ा उठवाया गया। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि हड़ताल के दौरान रात के समय लगातार शहर से कूड़ा उठवाया जा रहा है। जहां रात में सफाई कराई जाती है। वहां सुबह फिर से कूड़ा एकत्र हो जाता है।
