रोहतक जू में पंजाब से पहुंचा दरियाई घोड़े का जोड़ा, 14 साल का राजन और 5 साल की हैं सलोनी
पंजाब के छतबीड़ चिड़ियाघर से दरियाई घोड़ों का एक जोड़ा रोहतक चिड़ियाघर पहुंचा है। राजन और सलोनी नाम के इस ...और पढ़ें

शाम को दरियाई घोड़े का जोड़ा पहुंच गया है (फोटो- सोशल मीडिया)
HighLights
पंजाब से रोहतक चिड़ियाघर पहुंचा दरियाई घोड़ों का जोड़ा
नर राजन 14 और मादा सलोनी 5 साल की उम्र की
जोड़े की विशेष देखभाल, पर्यटक देखने को उत्सुक
जागरण संवाददाता, रोहतक। पंजाब के छतबीड़ चिड़ियाघर से रोहतक के चिड़ियाघर में गुरुवार की शाम दरियाई घोड़े का जोड़ा पहुंच गया है। इनमें नर का नाम राजन है, जो 14 साल का है। जबकि, मादा का नाम सलोनी है, जिसकी उम्र पांच साल है।
शुक्रवार को दोनों बाड़े में बने तालाब में आराम फरमाते हुए नजर आए। दोनों एक से दो सेकंड के लिए अपना मुंह बाहर निकालते और फिर पानी में छिप जाते। इस जोड़े को देखने के लिए दिन भर पर्यटकों की भीड़ लगी रही।
दरअसल, चिड़ियाघर प्रबंधन की ओर से दरियाई घोड़ों को नए वातावरण में ढालने के लिए विशेष देखभाल की जा रही है। लंबी दूरी तय करके चिड़ियाघर पहुंचने के बाद उनकी खानपान संबंधी गतिविधियों पर भी नजर रखी गई। पहली रात दोनों ने केले खाए।
इसके बाद सुबह उन्हें पानी में छोड़ा गया। नए स्थान पर पहुंचने के बाद वन्यजीवों को सहज होने में समय लग सकता है। इसलिए उनकी गतिविधियों, खानपान और व्यवहार पर निगरानी रखना जरूरी है। वहीं दोनों को देखने के लिए पर्यटक काफी उत्सुक दिखाई दिए। उनका कहना था कि वह इस जोड़े को फिर से देखने के लिए आएंगे।
दरियाई घोड़ों को ये दिया जाएगा खाने के लिए
घास, सूखी घास, पत्तेदार सब्जियां, गाजर, सेब, केले और तरबूज समेत अन्य चीजें
ज्यादा समय पानी में बिताते हैं दरियाई घोड़े
दरियाई घोड़े अपने विशाल शरीर को ठंडा रखने के लिए दिन में ज्यादा समय पानी में बिताते हैं। अपने बड़े आकार के बावजूद वे जमीन पर तेजी से दौड़ सकते हैं।
शरीर का वजन
दरियाई घोड़े के शरीर का वजन 1300 से लेकर 3200 किलोग्राम तक होता है।
इनकी उम्र 40 से 50 साल होती है।
पंजाब से दरियाई घोड़े का जोड़ा रोहतक चिड़ियाघर में लाया गया है। इनमें मादा का नाम सलोनी है और नर का नाम राजन है। दोनों को विशेष निगरानी में रखा गया है।- राजेश कुमार, इंस्पेक्टर, लघु चिड़ियाघर, रोहतक
