रोहतक में पेयजल और सीवर व्यवस्था सुधरेगी, अवैध कनेक्शन कटेंगे; बनेंगे नए वाटर टैंक
रोहतक में पेयजल आपूर्ति सुधारने और सीवर व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अवैध कनेक्शन काटे जाएंगे और नए वाटर ...और पढ़ें

रोहतक में पेयजल और सीवर व्यवस्था सुधरेगी (जागरण फोटो)
HighLights
अवैध पेयजल कनेक्शनों पर होगी सख्त कार्रवाई।
खोखराकोट, जींद रोड पर बनेंगे नए जल भंडारण टैंक।
सीवर मेनहोल व क्षतिग्रस्त ढक्कन होंगे ठीक।
जागरण संवाददाता, रोहतक। शहर में पेयजल आपूर्ति सुधारने के लिए अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई होगी, वहीं सीवर और जल निकासी की समस्याओं को दूर करने के लिए नगर निगम और जनस्वास्थ्य विभाग संयुक्त अभियान चलाएंगे।
पेयजल के व्यावसायिक इस्तेमाल वाले अवैध कनेक्शन सर्वेक्षण के बाद काटे जाएंगे। जलघरों की नियमित सफाई होगी और सीवर के असमतल मेनहोल व क्षतिग्रस्त ढक्कन ठीक कराए जाएंगे।
डीसी सतबीर सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नागरिकों को पर्याप्त और शुद्ध पेयजल मिले और समस्याओं के समाधान में देरी न हो। इसके साथ ही खोखराकोट और जींद रोड के आसपास जल भंडारण टैंक बनाने के लिए जगह चिह्नित की जाएगी।
पार्षदों के साथ समन्वय कर दूर होंगी समस्याएं
डीसी ने निगम पार्षदों की मौजूदगी में जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर पेयजल, सीवर और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी पार्षदों की मांग के अनुसार कार्य कराएं और वार्डों में नागरिकों की शिकायतों का जल्द समाधान सुनिश्चित करें। संसाधनों की उपलब्धता के हिसाब से विकास कार्य किए जाएं। पाइपलाइन लीकेज या सीवर मरम्मत के लिए खोदाई करने पर सुरक्षा के पूरे इंतजाम हों और सड़कों पर गड्ढे न छोड़े जाएं।
सीवर सफाई के बाद तुरंत उठानी होगी गाद
नगर निगम कमिश्नर सत्येंद्र दुहन ने कहा कि पेयजल और सीवर संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए जनस्वास्थ्य विभाग को हर जरूरी मदद दी जाएगी। दोनों विभाग मिलकर अभियान चलाएंगे। सड़कों पर सीवर के असमतल मेनहोल समतल कराए जाएंगे और क्षतिग्रस्त ढक्कन बदले जाएंगे।
सीवर सफाई के दौरान निकलने वाली गाद तुरंत उठानी होगी। निर्माण और मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ नागरिकों को असुविधा से बचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
