विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोहतक लिव-इन कपल हत्याकांड: आरोपी को राहत देने के लिए ASI ने ली 10 हजार रुपये की रिश्वत, रंगे हाथ गिरफ्तार

Published: Mon, 12 Oct 2026 11:21 PM (IST)

सांपला के हसनगढ़ में लिव-इन कपल संदीप-कविता हत्याकांड के जांच अधिकारी एएसआई दीनबंधु को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।

रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार। फोटो जागरण

रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार। फोटो जागरण

HighLights

  1. एएसआई दीनबंधु 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार।

  2. लिव-इन कपल संदीप-कविता हत्याकांड से जुड़ा मामला।

  3. राज्य सतर्कता ब्यूरो झज्जर ने की कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, रोहतक। सांपला थाना क्षेत्र के हसनगढ़ में लिव इन कपल संदीप और कविता की हत्या के मामले में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो झज्जर की टीम ने कार्रवाई की। एसीबी ने इस मामले के जांच अधिकारी एएसआइ दीनबंधू को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।

एएसआइ ने आरोपितों को राहत देने और मारपीट नहीं करने के मामले में रिश्वत ली थी। इसके बाद एसीबी ने जाल बिछाकर एसआइ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित 40 हजार रुपये पहले ही ले चुका था। जानकारी के मुताबिक, गांव हसनगढ़ निवासी शिकायतकर्ता सुभाष चंद्र ने एसीबी को बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है।

उसके बेटे नितेश उर्फ मेंडिस और उसके दोस्त नितेश उर्फ बच्चा को सांपला थाने में 5 अक्तूबर को दर्ज केस के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद मामले के जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक दीनबंधु का फोन आया और उन्हें बेटे की गिरफ्तारी के बारे में बताया गया। सुभाष चंद अपने गांव के नीरज उर्फ बुल्ली और नीरज उर्फ टिट्टी को साथ लेकर सांपला थाने पहुंचा। वहां उसकी मुलाकात जांच अधिकारी से हुई।

10 हजार रुपये का बना रहा था दबाव

आरोप है कि पुलिसकर्मी ने मामले को हल्का करने और मारपीट नहीं करने के बदले 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। बाद में कथित तौर पर 50 हजार रुपये में सहमति बनी। शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को बताया कि वह पहले ही 40 हजार रुपये दे चुका था।

आरोपित एएसआइ 10 हजार रुपये देने का दबाव बना रहा था। लेकिन, वह अब यह रुपये नहीं देना चाहता था। इसी के बाद उसने सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को मामले की जानकारी दी।

शिकायत के बाद एसीबी ने बिछाया जाल

शिकायत मिलने पर ब्यूरो ने मामला दर्ज कर किया और फिर कार्रवाई की योजना बनाई। इस दौरान राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, उपकेंद्र झज्जर के निरीक्षक रोहताश के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए सांपला थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक दीनबंधु को कथित तौर पर बाकी 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

हिसार के खरबला गांव का आरोपित एएसआइ

एसीबी का कहना है कि आरोपित दीनबंधु की उम्र 50 साल है और वह हिसार जिले के खरबला गांव का निवासी है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस प्रकरण में शिकायतकर्ता के आरोपों और ब्यूरो की कार्रवाई के आधार पर जांच आगे बढ़ेगी। रिश्वत की कथित मांग, पहले दी गई रकम और बाकी राशि लेने के आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान साक्ष्यों के आधार पर होगी।

भ्रष्टाचार के मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान जारी रखेगा और इस दिशा में अधिकारियों व कर्मचारियों को गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि शिकायतकर्ता ने कथित तौर पर पहले 40 हजार रुपये देने के बाद शेष रकम देने से इनकार करते हुए सतर्कता ब्यूरो से संपर्क किया।

शिकायत के आधार पर हुई कार्रवाई में पुलिस विभाग के ही एक कर्मचारी को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

- डॉ. अर्शिंदर सिंह चावला, निदेशक, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा।