विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोहतक के अस्पताल में भयानक हादसा, अंधेरे में शौचालय समझ खोला डक्ट का दरवाजा; पहली मंजिल से नीचे गिरीं मां-बेटी

Published: Wed, 07 Oct 2026 06:16 PM (GMT+05:30)

रोहतक सिविल अस्पताल में अंधेरे के कारण एक मरीज और उसकी मां शौचालय की जगह डक्ट में गिर गईं, जिससे दोनों घायल हो गईं।

सिविल अस्पताल में शौचालय समझ डक्ट का दरवाजा खोला, पहली मंजिल से नीचे गिरी मां-बेटी।

सिविल अस्पताल में शौचालय समझ डक्ट का दरवाजा खोला, पहली मंजिल से नीचे गिरी मां-बेटी।

HighLights

  1. मरीज और मां रोहतक सिविल अस्पताल में डक्ट में गिरे

  2. अंधेरे के कारण शौचालय समझकर डक्ट का दरवाजा खोला

  3. अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप, जांच जारी

जागरण संवाददाता, रोहतक। जिला सिविल अस्पताल रोहतक में सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे शौचालय जाने के दौरान अंधेरे के कारण एक मरीज और उसकी मां पहली मंजिल से नीचे डक्ट में गिर गईं। हादसे में दोनों को चोटें आई हैं।

करीब आधे घंटे बाद अस्पताल प्रशासन की टीम ने डक्ट का दरवाजा खोलकर दोनों को बाहर निकाला। हादसे के बाद सीएमओ डॉ. पुष्पेंद्र, पीएमओ सहित अस्पताल का अन्य स्टाफ और पुलिस मौके पर पहुंचे है।

शहर के हनुमान कॉलोनी निवासी सोनिया हाथ की हड्डी टूटने के कारण आपरेशन के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती हुई थी। इसी दौरान रात करीब 1:30 बजे वह शौचालय जाने के लिए निकली और लाइट ना होने के कारण सोनिया शौचालय के बजाय सीवर और पानी की पाइप लाइन के लिए बने डक्ट का दरवाजा खोल दिया और सीधे नीचे जा गिरी।

बेटी को गिरता देख उसकी मां अमनी देवी भी नीचे गिर गई। हादसे के बाद अमनी देवी ने पाइप के सहारे खुद ऊपर आने का प्रयास किया और अस्पताल में मौजूद लोगों को बेटी के डक्ट में गिरने की सूचना दी। इसके बाद सोनिया को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया गया। अस्पताल स्टाफ ने रस्सी और सीढ़ी के सहारे उसे निकालने का प्रयास किया।

इसी दौरान एक अन्य मरीज ने ग्राउंड फ्लोर से डक्ट का दरवाजा खोला, जिसके बाद सोनिया को बाहर निकाला गया। सोनिया की मां अमनी देवी ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर डक्ट के दरवाजे पर ताला लगा होता तो यह हादसा नहीं होता।

अस्पताल में मरम्मत का काम चल रहा है। इसके चलते सीवर और पानी की पाइप लाइन वाले डक्ट के दरवाजे की चाबियां पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों के पास है। रात को मरीज के साथ हादसा हुआ है, जिसे कुछ ही देर बाद रेस्क्यू कर लिया गया था। इसकी जांच की जा रही है। जांच में जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। -डॉ. पुष्पेंद्र, कार्यकारी, सीएमओ, रोहतक।