त्योहारों से पहले रोहतक में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 80 किलो नकली मावा जब्त
खाद्य सुरक्षा विभाग ने रोहतक के कच्चा बेरी रोड पर छापेमारी कर 80 किलो नकली मावा जब्त कर नष्ट किया और एक दुकान को सील किया।
-1792492193087_m.webp)
त्योहारों से पहले रोहतक में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई (जागरण फोटो)
HighLights
रोहतक में 80 किलो नकली मावा जब्त कर नष्ट किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कच्चा बेरी रोड पर एक दुकान सील की।
त्योहारों के लिए 10 खाद्य नमूनों की जांच जारी है।
जागरण संवाददाता, रोहतक। त्योहारों के सीजन में मिठाई, पनीर और दूध की मांग बढ़ने के साथ ही मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।
इसी कड़ी में मंगलवार को विभाग की टीम ने कच्चा बेरी रोड स्थित मिठाई की दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 80 किलो नकली मावा बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। वहीं जांच अभियान के दौरान एक दुकान को सीज भी किया गया। टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के 10 सैंपल लेकर जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजे है
छापेमारी के दौरान टीम को एक गोदाम में रखे फ्रिज में मावा मिला। विभाग की ओर से मावे को नकली पाए जाने पर मौके पर ही नष्ट कराया गया।
इसके अलावा पनीर, खोया और दूध के सैंपल भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। हालांकि प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा टीम के सदस्य सुनील ने बताया कि जांच अभियान के दौरान जिन दुकानदारों के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले, उन्हें जल्द से जल्द दस्तावेज पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
मिठाई, केक और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच
त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की खपत बढ़ने के मद्देनजर विभाग की टीम मिठाई की दुकानों, केक की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच कर रही है। अभियान के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ उनके रखरखाव, निर्माण प्रक्रिया और दुकानों में साफ-सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया जा रहा है। टीम ने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा से जुड़े आवश्यक दस्तावेज पूरे रखने के निर्देश भी दिए हैं।
असिस्टेंट संदीप राठी ने बताया कि सोमवार को भी खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से विशेष जांच अभियान चलाया गया है। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों के 10 सैंपल लिए गए। इनमें कुकी, ब्राउनी, काजू कतली, खोवा बर्फी, गुलाब जामुन, काजू, छुआरे, इस्तेमाल किया हुआ तेल, डोडा बर्फी और चमचम के नमूने शामिल हैं। इन सभी सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
टीम की ओर से कच्चा बेरी रोड़ पर छापेमारी की गई है, इस दौरान एक दुकान से 80 किलो नकली मावा मिला है, जिसे मौके पर नष्ट करवा दिया गया है। इसके अलावा दूध व पनीर के सैंपल लिए गए है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की जाएगी। त्योहारो के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विभाग की ओर से जांच अभियान जारी रहेगा। -लक्ष्मी नरवाल, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी, रोहतक।
