विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोहतक की बेटी शेफाली वर्मा ने दूसरी बार जीता ICC प्लेयर ऑफ द मंथ का खिताब, पिता ने जताई खुशी

Published: Tue, 13 Oct 2026 10:48 PM (IST)

भारतीय महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा ने दूसरी बार आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ का खिताब जीता है। उनके पिता ...और पढ़ें

शेफाली वर्मा को मिला आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ का खिताब।

शेफाली वर्मा को मिला आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ का खिताब।

HighLights

  1. शेफाली वर्मा ने दूसरी बार जीता आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ।

  2. सितंबर में 360 रन और 6 विकेट, शानदार प्रदर्शन।

  3. एशियाई खेलों में पहला टी20आई शतक, भारत को स्वर्ण दिलाया।

जागरण संवाददाता, रोहतक। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विस्फोटक बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का महिला प्लेयर ऑफ द मंथ का खिताब जीता है।

शेफाली के करियर में यह दूसरा मौका है जब उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है। इससे पहले उन्होंने पिछले साल नवंबर 2025 में आईसीसी महिला विश्व कप के फाइनल में शानदार प्रदर्शन कर पहली बार यह अवॉर्ड जीता था।

शेफाली को दोबारा यह अवॉर्ड मिलने पर पिता संजीव वर्मा ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा शेफाली ने देश का नाम एक बार फिर रोशन किया है। शेफाली ने मेहनत और खेल के प्रति उसका जुनून ही उसे इस मुकाम तक लेकर आया है। मुझे पूरा भरोसा है कि वह आगे भी भारत को जिताएगी।

शेफाली के इस शानदार कमबैक और बेहतरीन फार्म पर कोच अश्वनी कुमार ने कहा कि पिछले साल के वर्ल्ड कप के बाद शेफाली ने अपनी कमियों पर बहुत गंभीरता से काम किया। उन्होंने नेट्स पर घंटों पसीना बहाया, अपनी तकनीक को सुधारा और अपनी फिटनेस पर कड़ी मेहनत की।

सितंबर के महीने में उन्होंने जिस तरह से एशिया कप और एशियाई खेलों में बल्लेबाजी और गेंदबाजी की, वह उनकी इसी कड़ी मेहनत का नतीजा है। बता दें कि शेफाली ने सितंबर के महीने में खेले गए 7 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 72.00 की बेमिसाल औसत और 184.61 के तूफानी स्ट्राइक रेट से कुल 360 रन बनाए और साथ ही 6 विकेट भी चटकाए।

इस दौरान उन्होंने एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ मात्र 49 गेंदों में अपने टी20आइ करियर का पहला ऐतिहासिक शतक (नाबाद 100 रन) भी जड़ा, जिसने भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में मुख्य भूमिका निभाई है।