रोहतक में तेज रफ्तार कार का कहर, मॉर्निंग वॉक पर निकली मां और बेटी को रौंदा; CCTV में कैद हुई खौफनाक वारदात
रोहतक में सुबह सैर पर निकली मां-बेटी को तेज रफ्तार वरना कार ने टक्कर मार दी, जिससे मां गंभीर रूप ...और पढ़ें

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात (जागरण फोटो)
HighLights
तेज रफ्तार वरना कार ने मां-बेटी को टक्कर मारी
मां कृष्णा देवी गंभीर रूप से घायल
पुलिस ने एक आरोपी सुमित को गिरफ्तार किया, CCTV फुटेज
जागरण संवाददाता, रोहतक। अर्बन एस्टेट थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार वरना कार ने मां और बेटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बेटी उछलकर साइड में गिर गई।
जबकि मां के ऊपर चालक ने गाड़ी चढ़ा दी। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को गाड़ी के नीचे से निकाला। इसके बाद गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, राम गोपाल कालोनी निवासी नीलम ने पुलिस को शिकायत दी है। इसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि 24 अक्टूबर को सुबह करीब 4.30 बजे जब वह और उनकी मां कृष्णा देवी रोजाना की तरह सैर करने के लिए देवीलाल पार्क में जा रही थीं।
जाट भवन के पास हुआ हादसा
जब मां-बेटी समय करीब 4 बजकर 45 मिनट पर जाट भवन के नजदीक पहुंची तो पीछे से एक तेज रफ्तार कार आई और दोनों को टक्कर मार दी।
गाड़ी से टक्कर लगने से नीलम उछलकर साइड में सड़क पर गिर गई और उनकी मां कृष्णा देवी कार के आगे गिर गई। इसके बाद गाड़ी फिर से उनकी मां के ऊपर चढ़ा दी और वो गाड़ी के नीचे ही फंस गई।
वहीं जब नीलम ने जमीन से उठकर देखा तो एक सफेद रंग की वरना कार मौके पर खड़ी थी। हादसे को देखते हुए लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई।
शराब के नशे में थे आरोपित
नीलम ने पुलिस को बताया कि लोगों की भीड़ ने कार में से दो व्यक्तियों को उतारा। दोनों को देखकर ऐसा लग रहा था कि कार सवार युवकों ने शराब का सेवन किया हुआ था। इसके बाद लोगों ने उनकी मां को कार के नीचे से निकाला। जिसके बाद उन्हें पीजीआइएमएस ले जाया गया और फिर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उनका इलाज जारी है।
आरोपितों ने भागने का किया प्रयास
नीलम ने पुलिस को बताया कि आरोपितों ने मौके से भागने का प्रयास किया। हालांकि, लोगों ने दोनों को पकड़ लिया और मामले की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपितों को हिरासत में ले लिया। फिलहाल, पुलिस ने फरमाणा निवासी सुमित को गिरफ्तार कर लिया है।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
इस घटना का एक सीसीटीवी भी सामने आया है। इसमें दो महिलाएं सड़क के किनारे चलती हुई नजर आ रही हैं। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार आती है और पीछे से दोनों को टक्कर मार देती है। यह सीसीटीवी फुटेज सुबह सुबह 4 बजकर 47 मिनट का है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है। -कमलजीत सिंह, प्रभारी, अर्बन एस्टेट थाना।
