राजकुमार सैनी को पार्टी से नहीं निकालना राजनीतिक परिस्थितियां : मिश्र
जागरण संवाददाता, रोहतक : कुरूक्षेत्र से सांसद राजकुमार सैनी को पार्टी से बाहर नहीं निकाल
जागरण संवाददाता, रोहतक : कुरूक्षेत्र से सांसद राजकुमार सैनी को पार्टी से बाहर नहीं निकाले जाने के पीछे राजनीतिक परिस्थितियां हैं। यह बात हरियाणा के लोकसभा चुनाव प्रभारी व पूर्व केंद्रीय मंत्री और देवरिया से सांसद कलराज मिश्र ने कही। प्रदेश प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद वह मंगलवार को पहली बार रोहतक पहुंचे थे। उनके साथ शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर, संगठन मंत्री सुरेश भट्ठ, प्रदेश मीडिया प्रभारी व गुरुग्राम विधायक उमेश अग्रवाल और जिला भाजपा अध्यक्ष अजय बंसल भी थे।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कलराज मिश्र ने कहा कि उन्हें इस प्रदेश की संपूर्ण जानकारी है और आगामी लोकसभा चुनावों में पार्टी ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में जनता से सीधा संवाद करते हुए प्रदेश में किए गए अभूतपूर्व विकास कार्यों और कुशल बूथ मैनेजमेंट के माध्यम से सभी 10 सीटें भाजपा की झोली में आएंगी।
उन्होंने जींद उपचुनाव में बाहर से आने वाले नेता को टिकट देने के सवाल पर कहा कि जींद के रण में उतारा गया उम्मीदवार स्वयं भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुआ है। पार्टी की शर्तों और नीतियों पर चलकर जो भी आएगा उसका स्वागत किया जाएगा। निजी हितों से ऊपर उठते हुए जब पार्टी को लगा कि कृष्ण मिड्ढा जीत सकते हैं तो उन्हें चुनाव मैदान में उतारा गया। सपा-बसपा गठबंधन ज्यादा समय नहीं टिक पाएगा
उत्तरप्रदेश में हुए सपा और बसपा के बीच गठबंधन पर उन्होंने कहा कि वह स्वयं उत्तर प्रदेश से संबंध रखते हैं और वहां जमीनी स्तर पर कार्य भी किया है। सपा-बसपा का यह गठबंधन बेमेल है और ज्यादा समय नहीं टिक पाएगा। उत्तरप्रदेश में किए गए जनहित के कार्यों और दमदार योजनाओं के दम पर इस बेमेल गठबंधन को भाजपा ध्वस्त कर देगी। आरक्षण का उद्देश्य हर वंचित व्यक्ति को लाभ पहुंचाना
आर्थिक आधार पर 10 फीसद आरक्षण लागू करने का उद्देश्य हर वर्ग के वंचित व्यक्ति को फायदा पहुंचाना है। इसे जनकल्याण की दृष्टि से लागू किया गया है। इस आरक्षण का उद्देश्य तब सार्थक होगा जब जनता स्वयं कहे कि उन्हें आरक्षण की आवश्यकता नहीं है।