कांग्रेस छोड़ फिर भाजपा में शामिल हुए प्रदीप सांगवान, सीएम ने पहनाया पटका
जागरण संवाददाता रोहतक सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद दिवंगत किशनसिंह सांगवान के पुत्र
जागरण संवाददाता, रोहतक : सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद दिवंगत किशनसिंह सांगवान के पुत्र प्रदीप सांगवान मुख्यमंत्री मनोहर लाल व प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने औपचारिक रूप से प्रदीप सांगवान को पटका पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई। मुख्यमंत्री ने पार्टी में शामिल होने पर उनका स्वागत किया।
प्रदीप सांगवान ने बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा उनकी राजनीतिक हत्या करना चाहते थे। इसलिए बरोदा उपचुनाव में दावेदारी होने के बाद टिकट डमी इंदूराज नरवाल को दी गई है। इंदूराज नरवाल भूपेंद्र हुड्डा के पुत्र राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा के खास हैं, इसलिए अपने लोगों को आगे बढ़ाने के लिए कर्मठ कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई है। उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर परिवारवाद को बढ़ावा देने के आरोप भी लगाए। प्रदीप सांगवान ने कहा कि उनके पिता किशन सिंह सांगवान भाजपा से तीन बार सोनीपत से सांसद रहे। भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी की जिम्मेदारी भी उनको दी गई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा में ही कार्यकर्ताओं को पूरा मान-सम्मान मिलता है। अब फिर से अपने पुराने परिवार भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने सर्किट हाऊस में कार्यकर्ताओं से की मुलाकात
मुख्यमंत्री मनोहर लाल के रोहतक आगमन पर स्थानीय बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय परिसर में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा स्वागत किया गया। पूर्व राज्य मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, जिलाध्यक्ष अजय बंसल, रोहतक के मेयर मनमोहन गोयल सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का स्वागत किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पार्टी के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की तथा उनसे विचार विमर्श भी किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इस अवसर पर मंडल आयुक्त डा. डी सुरेश, पुलिस महानिरीक्षक संदीप खिरवार, उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार, पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्रपाल, उपमंडलाधीश राकेश कुमार सैनी, नगराधीश सुरेंद्र सिंह, पूर्व मेयर रेणू डाबला, शमशेर खरक मौजूद थे।