किताबों की फोटोस्टेट बेचने वाले विक्रेता के प्रतिष्ठान पर पुलिस का छापा
जागरण संवाददाता रोहतक किताबों की फोटोस्टेट करके विद्यार्थियों को बेचने वाले एक कित
जागरण संवाददाता, रोहतक : किताबों की फोटोस्टेट करके विद्यार्थियों को बेचने वाले एक किताब विक्रेता के प्रतिष्ठान पर मंगलवार को पुलिस ने रेड की। इस दौरान प्रतिष्ठान से शिकायतकर्ता प्रकाशन की किताबें और उनकी फोटो स्टेट बरामद की गई। जिसके चलते पीजीआइ थाना पुलिस ने प्रतिष्ठान के संचालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी हैं। बताया जा रहा है कि आरोपित के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार मेडिकल मोड़ स्थित संसार बुक डिपो पर किताबों की फोटोस्टेट कर बेचने की शिकायतें प्रकाशन कंपनी के अधिकारियों को मिल रहीं थी। बताया जा रहा है कि संसार बुक डिपो के संचालक जसवीर व उसके दो अन्य साथी प्रतिष्ठान में एक फोटोस्टेट मशीन लगाते हुए किताब बेचने के बजाए किताबों की फोटोस्टेट कर बेचता था। इस तरीके से विद्यार्थियों को सस्ती कीमत पर किताब मिल जाती थी। जिसके चलते किताबों की बिक्री नहीं हो पाती थी। इसके चलते जीवन संस प्रकाशन के अधिकारी काफी परेशान थे। अधिकारियों ने प्रकरण की जांच की तो पाया कि संसार बुक डिपो पर प्रकाशन की किताबों की फोटो कॉपी करते हुए बेची जा रहीं हैं। मंगलवार को प्रकाशन की टीमों ने पुलिस को साथ लेकर प्रतिष्ठान पर रेड की। इस दौरान प्रतिष्ठान के अंदर जीवन संस प्रकाशन की किताबों के साथ किताबों की फोटो स्टेट भी बरामद हुई हैं। जिसके बाद कंपनी के अधिकारियों की शिकायत के आधार पर पीजीआइ थाना पुलिस ने मामले में कॉपीराइट एक्ट के तहत एफआइआर दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। पीजीआइ थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि रेड के दौरान किताब व फोटो स्टेट बरामद की गई हैं। रिपोर्ट दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी गई है।