रोहतक में पुलिसकर्मियों का होगा चयन, साक्षात्कार शुरू
उत्तर प्रदेश की तर्ज पर हरियाणा में शुरू होने वाली डायल-112 पर स्टाफ की नियुक्ति की कवायद शुरू कर दी गई है। मुख्यालय के आदेश पर रोहतक जिले में 120 पुलिसकर्मियों का चयन होना है।
जागरण संवाददाता, रोहतक : उत्तर प्रदेश की तर्ज पर हरियाणा में शुरू होने वाली डायल-112 पर स्टाफ की नियुक्ति की कवायद शुरू कर दी गई है। मुख्यालय के आदेश पर रोहतक जिले में 120 पुलिसकर्मियों का चयन होना है। इसके लिए शनिवार से साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू की गई है। एसपी राहुल शर्मा और डीएसपी हेडक्वार्टर गोरखपाल राणा पुलिसकर्मियों का साक्षात्कार लेकर उनकी सूची मुख्यालय को भेजेंगे। दरअसल, हरियाणा में डायल-112 योजना की शुरुआत मार्च 2020 में होनी थी, लेकिन किन्हीं कारणवश इसमें देरी हुई और अभी तक यह योजना शुरू नहीं हो सकी। इसका मुख्यालय पंचकूला में होगा। आपातकालीन स्थिति में 100 नंबर की बजाय 112 नंबर डायल करना होगा। जिसके बाद संबंधित जिले के थाने को वह फारवर्ड कर दी जाएगी। खास बात यह है कि आपात स्थिति में कॉल करने के बाद शहरी क्षेत्र में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्र में 30 मिनट के अंदर पुलिस मौके पर पहुंच जाएगी।
जिले में हर थाने को मिलेगी दो-दो गाड़ियां
रोहतक जिले में महिला थाने समेत 15 थाने संचालित हैं। इसके अलावा तीन सीआइए यूनिट भी काम कर रही है। इस योजना के तहत हर थाने को दो-दो गाड़ियां दी जाएगी। जिस पर चार-चार पुलिसकर्मी 12-12 घंटे की ड्यूटी करेंगे। फिलहाल मुख्यालय की तरफ से आदेश जारी किए गए हैं कि जो स्टाफ इन पर ड्यूटी करेगा उसकी सूची तैयार कर जल्दी से जल्दी भेजी जाए। मुख्यालय के आदेश पर रोहतक में साक्षात्कार शुरू कर दिए गए हैं। कुल 120 पुलिसकर्मियों का चयन होना है। इसमें हर थाने से लेकर अन्य स्थानों पर तैनात ऐसे पुलिसकर्मियों का रिकार्ड जुटाया जा रहा है जिन्हें कंप्यूटर का ज्ञान है। वह डायल-112 के सिस्टम को ऑपरेट कर सकते। उसकी फिटनेस अच्छी हो, जिससे कि वह आरोपितों को पकड़ने के लिए उनका पीछा करने में भी सक्षम हो। कुल मिलाकर युवा पुलिसकर्मियों के साक्षात्कार लिए जा रहे हैं। वर्जन
डायल-112 के लिए 120 पुलिसकर्मियों का चयन होना है। इसके लिए साक्षात्कार शुरू कर दिए गए हैं। साक्षात्कार पूरे होने के बाद इसी सप्ताह सूची तैयार कर पुलिस मुख्यालय में भेज दी जाएगी। इसके बाद उच्च अधिकारियों का जो भी आदेश होगा उसके अनुसार कार्य किया जाएगा।
- गोरखपाल राणा, डीएसपी हेडक्वार्टर