राजबीर हत्याकांड के मामले में पुलिस के हाथ खाली
गांव मोखरा में 55 वर्षीय अधेड़ की हत्या के मामले में पुलिस अभी भी आरोपितों का सुराग नहीं लगा सकी है। पुलिस अभी तक कुछ नहीं कर पाई है।
संवाद सहयोगी, महम : गांव मोखरा में 55 वर्षीय अधेड़ की हत्या के मामले में पुलिस अभी भी आरोपितों का सुराग नहीं लगा सकी है। हालांकि सोमवार को पुलिस ने पीड़ित परिजनों से बात करते हुए जांच में तेजी लाते हुए शीघ्र ही आरोपितों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।
रविवार को गांव मोखरा में 55 वर्षीय राजा उर्फ राजबीर की हत्या की गई थी। मृतक का शव चारपाई पर पड़ा मिला था और चेहरे पर चोट के निशान भी मिले थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। वारदात को दो दिन बीतने के बाद भी पुलिस को अभी तक ठोस सुराग हाथ नहीं लगे हैं। वहीं सोमवार को बहुअकबरपुर थाना पुलिस ने पीड़ित परिजनों के बयान दर्ज किए। साथ ही गांव में भी किसी रंजिश, लड़ाई-झगड़े के बारे में जानकारी ली गई। बताया जा रहा है कि मृतक गांव से दूध खरीदकर रोहतक में बेचने के लिए आता था। ग्रामीणों के मुताबिक मृतक राजबीर काफी शांत स्वभाव का था। बहुअकबरपुर थाना प्रभारी श्रीभगवान हुड्डा का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।