पीजीआइ खेल मैदान बनाने के लिए चलाया हस्ताक्षर अभियान
जागरण संवाददाता रोहतक पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के खेल मैदान पर प्रबंधन
जागरण संवाददाता, रोहतक : पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के खेल मैदान पर प्रबंधन आवास बनाने की तैयारी में है। बुधवार को एबीवीसी कार्यकर्ताओं ने खेल मैदान पर आवास बनाने के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाया। विद्यार्थियों ने मांग की कि खेल मैदान पर आवास बनाए जाने से विद्यार्थियों और चिकित्सकों को खेलने के लिए कोई मैदान नहीं बचेगा। साथ ही मैदान पर हो रही हरियाली को भी काटना पड़ेगा। उन्होंने मांग की कि प्रबंधन आवास बनाने के आदेशों को तत्काल रद करे।
एबीवीपी के ईकाई मंत्री योगेश बनारसी ने बताया कि पीजीआइएमएस के खेल मैदान पर पीजीआइ प्रबंधन ने आवास बनाने के लिए योजना तैयार की है। एक मात्र खेल मैदान पर आवास बनाए जाने के बाद खेलने के लिए कोई जगह नहीं बचेगी। जिसके बाद चिकित्सक और विद्यार्थियों की खेल प्रतियोगिताएं नहीं हो सकेंगी। स्थिति यह है कि लगातार बढ़ती विद्यार्थियों की संख्या के कारण खेल मैदान छोटा है। जबकि आवास बनाए जाने के बाद मैदान पूरी तरह से खत्म हो जाएगा। बुधवार को प्रबंधन के आदेशों के खिलाफ सेव आवर स्पोर्टस ग्राउंड नाम से हस्ताक्षर अभियान चलाया। इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हस्ताक्षर करते हुए खेल मैदान को बचाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही आदेश वापस नहीं लिए गए तो एबीवीपी उग्र प्रदर्शन के लिए मजबूर होगी। मौके पर डा. रवि दहिया, गोपाल, महिमा, निकिता यादव, सृष्टि, राजेश, रुपाक्शी, संजना, गौरव, अंशुल मौजूद रहे।