बाजारों में लोग बिना मास्क के मिले और रोहतक नगर निगम ने अतिक्रमण भी हटवाया
रोहतक के शहरी क्षेत्र में नगर निगम प्रशासन की कार्रवाई बुधवार को भी हुई। नगर निगम ने बिना मास्क के लोगों के चालान किए।
जागरण संवाददाता, रोहतक : शहरी क्षेत्र में नगर निगम प्रशासन की कार्रवाई बुधवार को भी हुई। नगर निगम की टीमों ने बाजारों में पहुंचकर 10 ऐसे लोगों को पकड़ा जोकि बिना मास्क के मिले थे। इसके साथ ही गोहाना अड्डे के निकट शाम साढ़े सात बजे भी हार्डवेयर की दुकान खुली मिली। इसलिए संबंधित दुकान संचालक पर दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम के एलओ सुरेंद्र गोयल ने बताया है कि शहरी क्षेत्र में वीडियोग्राफी और मुनादी टीमों के साथ कराई गई। नियमों का पालन हो रहा है कि इसे लेकर जांच की गई। निगम की टीमों ने गोहाना अड्डा रोड, पुरानी सब्जी मंडी, सोनीपत स्टैंड के निकट आदि स्थानों पर रेहड़ियों को हटवाने का कार्य किया गया। यहां संबंधित रेहड़ी संचालकों को पहले ही चेतावनी दी गई थी, लेकिन जांच के दौरान सड़क के सहारे कई स्थानों पर अतिक्रमण मिला। एलओ ने बताया है कि शहरी क्षेत्र में बाजारों से भी अतिक्रमण हटवाया।
गांधी कैंप में फुटपाथ पर लगेंगी रेहड़ियां
गांधी कैंप बाजार के प्रधान विजय परूथी ने बताया है कि रेहड़ी संचालकों के साथ वार्ता हुई। रेहड़ी वालों को मुख्य बाजार की सड़क पर सिर्फ फुटपाथ पर ही रेहड़ियां संचालित कर सकेंगे। इन्होंने यह भी बताया है कि रेहड़ियां संचालित करने के लिए प्रशासन की तरफ से कोई आदेश नहीं थे। फिर भी गरीब लोगों के रोजगार को देखते हुए यही तय किया गया है कि फुटपाथ से आगे कोई रेहड़ी नहीं लगेगी। यह भी कहा है कि रेहड़ी संचालकों या फिर दुकानदारों ने नियम तोड़े तो कार्रवाई हो सकती है।