विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अरे बाप रे! हरियाणा के खेतों में बैठकर अमेरिका को ऐसे लगा रहे थे चूना, अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार

Published: Sun, 11 Oct 2026 06:26 PM (IST)

रोहतक पुलिस ने विदेशी नागरिकों को फर्जी उड़ान टिकट बुक कराने के नाम पर ठगने वाले गिरोह के दो और सदस्यों, रवित और अंकित, को गिरफ्तार किया है।

यह एआई जेनरेटेड तस्वीर है।

यह एआई जेनरेटेड तस्वीर है।

HighLights

  1. रोहतक में फर्जी कॉल सेंटर से विदेशी नागरिकों से ठगी।

  2. उड़ान टिकट बुकिंग के नाम पर अमेरिकियों को बनाया निशाना।

  3. मामले में दो और आरोपित गिरफ्तार, कुल 12 पकड़े गए।

जागरण संवाददाता, रोहतक। खेतों के बीच बने फार्म में बैठकर विदेशी नागरिकों को उड़ान टिकट बुक कराने का झांसा देने और फर्जी वेबसाइट के जरिए डॉलर ठगने के मामले में रोहतक पुलिस ने दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

इनकी पहचान दिल्ली निवासी रवित और गुरुग्राम निवासी अंकित के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में गिरोह के 10 सदस्य पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। दोनों नए आरोपितों को अदालत में पेश किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

दरअसल, 25 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि गांव सुंदरपुर के खेतों में स्थित एक फॉर्म में बिना अनुमति फर्जी काल सेंटर चलाया जा रहा है। यहां अमेरिकी नागरिकों को उड़ान टिकट बुक कराने के नाम पर फर्जी वेबसाइट के माध्यम से ठगने का आरोप था। सूचना मिलने पर साइबर थाना की टीम ने पीएसआइ पवन के नेतृत्व में छापेमारी की।

मोबाइल और लैपटॉप से चल रहा था खेल

पुलिस के मुताबिक, फार्म में चार युवक मिले। इनमें दो मोबाइल फोन पर काम कर रहे थे, एक लैपटॉप पर बैठा था और एक युवक ईयरफोन लगाकर अंग्रेजी में बातचीत कर रहा था। पुलिस का आरोप है कि इस तरीके से विदेशी नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा था।

मौके से अमन और अभिषेक, दोनों पंजाब निवासी, तथा झज्जर निवासी आकाश और नितिन को पकड़ा गया था। पुलिस ने उनके पास से एक लैपटॉप और पांच मोबाइल फोन बरामद किए थे। इसके बाद साइबर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

अब तक 12 गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान 9 अक्टूबर को रवित निवासी दिल्ली और अंकित निवासी गुरुग्राम को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में पहले 10 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर रही है, ताकि कथित गिरोह की भूमिका और ठगी के पूरे तरीके का पता लगाया जा सके। विदेशी नागरिकों को निशाना बनाने के आरोप से जुड़े इस मामले में पुलिस की जांच जारी है।