पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिद्र कर रहे कृषि कानूनों पर राजनीति : धनखड़
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि कृषि कानूनों पर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिद्र सिंह राजनीति कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, रोहतक : भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि कृषि कानूनों पर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिद्र सिंह राजनीति कर रहे हैं। जबकि पंजाब के किसानों का धान भाजपा सरकार खरीद रही है। वे बुधवार को शिव पंजाबी धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पंजाब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में खराब व टूटे ट्रैक्टर को जलाने का ढोंग किया, जिसको जनता ने देखा। अब किसान और खेती बचाने की बात कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी के पंजाब और हरियाणा दौरे को फ्लाप शो करार दिया।
धनखड़ ने बरोदा उपचुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि दस अक्टूबर को उम्मीदवारों के नाम को लेकर भाजपा चुनाव समिति की बैठक बुलाई गई है, जिसमें प्रत्याशी के नामों को लेकर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि बरोदा विधानसभा सीट लंबे समय तक कांग्रेस के पक्ष में रही है। लेकिन वहां पर विकास कार्य नहीं किए, जिसको लेकर लोग खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बरोदा के लोग समझदार हैं और अब उनके सामने भाजपा एक बेहतर विकल्प है। बरोदा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी को जीत दिलाकर लोग सरकार के साझीदार बनना चाहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बरोदा में बिना भेदभाव के विकास कार्य हुए है।
धनखड़ ने बताया कि रोहतक में बरोदा उपचुनाव को लेकर प्रदेश, जिला व ब्लॉक पदाधिकारियों की बैठक लेने आए हैं। उपचुनाव को लेकर पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को ड्यूटी सौंपी जाएगी।