यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 28, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
राष्ट्रीय एकता, अनुशासन एवं चरित्र निर्माण में एनसीसी की अहम भूमिका : प्रो. राजबीर
जागरण संवाददाता रोहतक राष्ट्रीय एकता अनुशासन एवं चरित्र निर्माण में एनसीसी की अहम भूमिका

जागरण संवाददाता, रोहतक : राष्ट्रीय एकता, अनुशासन एवं चरित्र निर्माण में एनसीसी की अहम भूमिका है। एनसीसी मुख्यालय का महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय प्रांगण में होना विद्यार्थियों को देश सेवा के लिए प्रेरित करता है, राष्ट्रीयता की भावना को मजबूत करता है। यह बात महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कही। वह मंगलवार को एनसीसी मुख्यालय के कमांडर ब्रिगेडियर बीएस दलाल की विदाई के अवसर पर विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में व्यक्त किए।
कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने जीवन में एनसीसी की महता पर प्रकाश डालते हुए विश्वविद्यालय के विकास में एनसीसी के योगदान बारे बताया। प्रो. राजबीर सिंह ने बिग्रेडियर बीएस दलाल द्वारा विश्वविद्यालय में एनसीसी यूनिट्स प्रारंभ करने के प्रयासों की सराहना की और उन्हें सुखद जीवन की शुभकामनाएं दी। समारोह में कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने बिग्रेडियर दलाल की जगह एनसीसी मुख्यालय कमांडर की जिम्मेदारी संभालने वाले बिग्रेडियर विजय मेहता (सेना मेडल से सम्मानित) का स्वागत किया और विश्वास जताया कि एनसीसी मुख्यालय और एमडीयू के बेहतर समन्वय से एनसीसी और विश्वविद्यालय दोनों लाभान्वित होंगे। कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने बिग्रेडियर दलाल तथा ब्रिगेडियर मेहता को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया। ब्रिगेडियर बीएस दलाल ने इस अवसर पर एमडीयू कैंपस स्थित एनसीसी मुख्यालय से जुड़ी यादों को सांझा किया। प्रसिद्ध उद्योगपति एसके अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि एनसीसी वालंटियर्स अपनी ऊर्जा से समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। अधिष्ठाता, छात्र कल्याण प्रो. राजकुमार ने स्वागत भाषण दिया। निदेशक, युवा कल्याण डा. जगबीर राठी ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर एनसीसी मुख्यालय के अधिकारी, एनसीसी कार्यक्रम अधिकारी, एमडीयू के डीन, विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण, शिक्षक संघ प्रधान डा. विकास सिवाच, गैर शिक्षक संघ प्रधान सुमेर अहलावत समेत अन्य कर्मी तथा एनसीसी वालंटियर्स उपस्थित रहे।
