मुस्कान बल्हारा सुसाइड केस में पंचायत का बड़ा फैसला, कबड्डी खिलाड़ी को शीलू बल्हारा को दिया 10 दिन का समय
मुस्कान बल्हारा सुसाइड केस में फरमाणा गांव में हुई महापंचायत ने शीलू बल्हारा के परिवार को माफ कर दिया है। ...और पढ़ें
-1786469649543_m.webp)
मुस्कान बल्हारा आत्महत्या मामले में महापंचायत का अहम निर्णय, शीलू बल्हारा को मिली सशर्त माफी।
HighLights
शीलू बल्हारा के परिवार को महापंचायत में माफ किया गया।
बेटे हार्दिक के नाम संपत्ति और 50 लाख की FD की शर्त।
पुलिस से 10 दिन का समय मांगा जाएगा, आगे की कार्रवाई हेतु।
संवाद सहयोगी, महम (रोहतक)। कबड्डी प्लेयर शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान सुसाइड केस में मंगलवार को महम चौबीसी के गांव फरमाणा में महापंचायत की गई। इसमें शीलू बल्हारा के परिवार को माफ कर दिया गया है।
हालांकि, इसमें कुछ शर्ते रखी गई है कि 10 दिन के भीतर मुस्कान के बेटे हार्दिक बल्हारा के नाम पर बहुअकबरपुर स्थित डेढ़ एकड़ में फैली अकादमी, 450 वर्गगज का प्लाट और मकान कराया जाए। इसके साथ ही 50 लाख की एफडी कराई जाए। जिसकी जिम्मेदारी शीलू के परिवार की ओर से बहुअकबरपुर गांव के सरपंच प्रतिनिधि सत्यवान नंबरदार ने जिम्मेदारी ली।
दरअसल, पंचायत की अध्यक्षता फरमाना के पूर्व सरपंच सतीश कुमार ने की। पंचायत की जब शुरुआत हुई तो मुस्कान के घर वालों ने एक ही बात रखी कि उनकी बेटी का कसूर बताया जाए। जब तक वे संतुष्ट नहीं होंगे तब तक फैसला नहीं होगा। दोनों तरफ की बातें सुनकर कमेटी गठित की गई।
जो भी कमेटी अपना निर्णय सुनाती तो मुस्कान के परिजन उस पर सहमत नहीं होते तो कभी दूसरी ओर से भी परेशानी बनी। पंचायत 12 बजे से 5 बजे तक चली। अंतिम कमेटी ने जो निर्णय लिए उस पर मुस्कान के स्वजन, गांव व अन्य गांवों से आए लोगों से सलाह मशविरा कर निर्णय को माना गया।
पंचायत में फैसला लिया गया कि दोनों पक्षों की पंचायत बुधवार को बहुअकबरपुर थाने में जाएगी और पुलिस को पत्र लिखकर 10 दिन का समय और मांगेगी। शर्त पूरी होने के बाद इस मामले में आगे का फैसला लिया जाएगा।
शीलू व उसका परिवार शुरू में पंचायत से रहा दूर
बताया जा रहा है कि पंचायत जब शुरू हुई तो शीलू व उसके स्वजन पास में कहीं बैठा दिए थे। ताकि उन्हें देखकर ग्रामीण भड़क न जाएं। फरमाना के ग्रामीणों ने कहा कि शीलू व उसके परिवार के चारों सदस्यों को बुलवाया जाए माफी मांगे। उसके बाद उन्हें पंचायत में बुलाया। अलग-अलग से बातें कर उन्होंने माफी दे दी। उसके बाद ग्रामीणों ने दरियादिली दिखाई।
शीलू का घर बसाने का करेंगे प्रयास
पंचायत की अध्यक्षता कर रहे पूर्व सरपंच सतीश कुमार ने पंचायत से बात करके कहा कि शीलू का घर बसाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शर्तें पूरी करने के बाद शीलू चाहे तो कहीं और शादी भी कर सकता है। मुस्कान के बेटे को बहु अकबरपुर में शीलू और उसके परिवार की देखरेख में रखा जाएगा।
गांव ने शीलू को माफ कर पेश की मिसाल: सत्यवान
गांव बहु अकबरपुर के सरपंच प्रतिनिधि सत्यवान ने कहा कि महम चौबीसी अठगामा की पंचायत ने शीलू व उसके परिवार को बिना किसी लोभ लालच के माफ किया है। यह एक मिसाल बन गई है। पंचायत में आए करीब 36 खापों के प्रधान व प्रतिनिधियों ने इस निर्णय को बहुत बड़ा फैसला बताया। दोनों परिवारों के गिले शिकवे दूर करवाए गए।
पंचायत में बहुअकबरपुर अठगामा प्रधान धर्मबीर, बहुअकबरपुर गांव के सरपंच प्रतिनिधि सत्यवान बल्हारा, महम चौबीसी सर्वखाप के प्रधान सुभाष नंबरदार व सदस्य, राय बहादुर आहुलाना बारह प्रधान, नरेश पूर्व चेयरमैन से सरपंच जितेन्दर, सरपंच प्रतिनिधि लाला, नीटू सरपंच मोखरा,फरमाणा बादशाहपुर के सरपंच सोमबीर अन्य पंचायत प्रतिनिधि व खापों के प्रधान मौजूद रहे।
