भूपेंद्र सिंह हुड्डा देख रहे है मुंगेरी लाल के सपने : अरविद शर्मा
सांसद डा. अरविद शर्मा ने कहा कि बरोदा विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश सरकार की ओर से अनेक विकास परियोजनाओं की घोषणा की है।
जागरण संवाददाता, रोहतक : सांसद डा. अरविद शर्मा ने कहा कि बरोदा विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश सरकार की ओर से अनेक विकास परियोजनाओं की घोषणा की है। जनता विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी को वोट देने का मन बना चुकी है। वे मंगलवार को एमडीयू के स्वराज सदन में प्रदेश सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि बरोदा विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी व जननायक जनता पार्टी की ओर से ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचकर उन्हें सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। प्रदेश में गठबंधन की सरकार मजबूती से कार्य कर रही है तथा सभी वर्गो के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध होकर अच्छा कार्य कर रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुंगेरी लाल के सपने देख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को गन्ना फसल का सर्वाधिक मूल्य दिया जा रहा है तथा बाजरा फसल को भी 2150 रुपये के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जा रहा है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार किसानों की आय दोगुणा करने के लिए पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के माध्यम से प्रदेश सरकार की ओर से गांव में लाल डोरा की जमीन का मालिकाना हक देने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। किसानों को आधुनिक खेती, बागवानी आदि के बारे में जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि करनाल में किसानों ने नई शुरुआत करके करनाल को टमाटर जोन बनाया है।