विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोहतक पीजीआई के ट्रामा सेंटर में शव गृह का फ्रिज खराब, दुर्गंध से मरीज और स्टाफ बेहाल

Published: Tue, 27 Oct 2026 10:27 AM (IST)

पीजीआईएमएस रोहतक के एपेक्स ट्रामा सेंटर में शव गृह का डी-फ्रिज खराब होने से शव सड़ रहे हैं। इससे उठती ...और पढ़ें

पीजीआईएमएस ट्रामा सेंटर में शव गृह का फ्रिज खराब।

पीजीआईएमएस ट्रामा सेंटर में शव गृह का फ्रिज खराब।

HighLights

  1. पीजीआईएमएस ट्रामा सेंटर में शव गृह का डी-फ्रिज खराब।

  2. शवों के सड़ने से तीव्र दुर्गंध से स्टाफ, मरीज परेशान।

  3. अधिकारियों ने मरम्मत का आश्वासन दिया, प्रक्रिया जारी।

जागरण संवाददाता, रोहतक। पीजीआईएमएस के एपेक्स ट्रामा सेंटर में शव गृह का डी-फ्रिज काफी समय से खराब पड़ा है। तकनीकी खराबी के चलते शव सड़ने लगे हैं। इनसे उठती तीव्र गंध से यहां के मरीज ही नहीं स्टाफ भी परेशान हैं।

ट्रामा सेंटर में डीजीएमओ कार्यालय से आगे शव गृह बना है। यहां सेंटर में दम तोड़ने वाले मरीजों के शव रखे जाते हैं। पुलिस कार्रवाई के बाद इन्हें यहां से पोस्टमार्टम के लिए ले जाया जाता है। पिछले कुछ समय से शव गृह का डी-फ्रिज खराब है।

इस बारे में अधिकारियों को स्टाफ ने अवगत भी कराया है। इसके बावजूद इसे दुरुस्त नहीं कराया है। नतीजतन इसमें रखे शवों से उठती तीव्र दुर्गंध से लोग परेशान हैं। इसमें चिकित्सक, नर्स, मरीज व अन्य स्टाफ शामिल हैं।

इमरजेंसी में भी मरीज परेशान

संस्थान की इमरजेंसी में भी शव रखने की व्यवस्था है। शनिवार को यहां एक शव रखा गया। वार्ड से लाए गए इस शव से तीव्र दुर्गंध उठ रही थी। शव गृह के डी-फ्रिज में रखने के बाद भी यहां तीव्र दुर्गंध फैली थी। इस कारण स्टाफ व अन्य लोग मुंह पर कपड़ा लगाने को विवश हो गए। सोमवार दोपहर को यहां का फ्रिज काम करता नजर आया।

ट्रामा सेंटर में शव गृह के डी-फ्रिज का मामला संज्ञान में आया है। तकनीकी गड़बड़ी है। इसे दूर करने की प्रक्रिया जारी है। जल्द ही यह दुरुस्त हो जाएगा। - डॉ. सुधीर अत्री, चिकित्सा अधीक्षक, पीजीआईएमएस।