अजेय भारत-अटल भाजपा के नारे से बजा मिशन 2019 का बिगुल
हरियाणा की कार्यकारिणी की रोहतक में हुई बैठक में अजेय भारत-अटल भाजपा के नारे के साथ मिशन 2019 का बिगुल फूंक दिया गया।
जेएनएन, रोहतक। अजेय भारत-अटल भाजपा के नारे के साथ हरियाणा भाजपा ने मिशन 2019 का चुनावी बिगुल बजा दिया है। प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में लोकसभा चुनाव पर ही पूरा फोकस रहा। थिंक टैंक भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामलाल और राज्यसभा सदस्य व राष्ट्रीय महामंत्री डाॅ. अनिल जैन के साथ मुख्यमंत्री, मंत्री व पदाधिकारियों ने जीत का परचम लहराने के लिए मंथन किया। इस दौरान तय हुआ कि प्रदेश में चार साल की उपलब्धियों को लेकर कार्यकर्ता जनता के बीच में जाएंगे।
15 हजार विस्तारक बनेंगे सरकार की उपलब्धियों के दूत
बैठक में संगठन की मजबूती और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए 15 हजार विस्तारक नियुक्त किए जाएंगे। लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तारक हर बूथ पर पांच-पांच दिन लगाते हुए संगठन की सहायता करेंगे। इस बैठक के एक सप्ताह के बाद ही जिला कार्यकारिणी और फिर मंडल व बूथ स्तर की बैठक आयोजित की जाएगी।
मनोहर लाल की ईमानदार छवि को बनाएंगे हथियार
डाॅ. अनिल जैन ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के चार वर्ष पूरे होने वाले हैं। अब हरियाणा भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, असमान विकास व धांधलेबाजी का प्रदेश नहीं रहा। सीएम मनोहर लाल की ईमानदार कार्यशैली से प्रदेश में एक नए युग का आगाज हुआ है। मनोहर लाल प्रदेश के ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने सभी 90 विधानसभाओं का दौरा कर बिना किसी भेदभाव के करोड़ों रुपये की विकास की योजनाओं पर काम किया है।
यह भी पढ़ें: नवजात कमरे में रो रहा था तो उठाकर ले गई बिल्ली, फिर जो हुआ उसने हैरत में डाला
उन्होंने कहा कि इस कार्यशैली से उन्होंने क्षेत्रवाद की राजनीति करने वाले पूर्व मुख्यमंत्रियों को आइना दिखाया है। इससे सबका साथ-सबका विकास की भावना स्पष्ट झलकती है। इससे स्पष्ट है कि आगामी चुनाव में भी मनोहर लाल ही भाजपा के मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे।
यह भी पढ़ें: ससुर बेहोश कर नवविवाहित बहू से करता था दुष्कर्म, बड़ी बहू बनाती थी वीडियो
इन योजनाओं को जनता के बीच भुनाया जाएगा
आयुष्मान योजना, इजी ऑफ डूइंग बिजनेस, खेल नीति, तबादला नीति, भावांतर भरपाई योजना, किसानों की फसलों का उचित दाम दिलवाना, सीएम विंडो के माध्यम से आमजन को इंसाफ दिलाना, शहीदों के परिजनों का सम्मान करना, महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन उपलब्ध कराना या बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस थानों की स्थापना करते हुए दुर्गा शक्ति एप व दुर्गा शक्ति वाहिनी की सेवाएं शुरू करना, बिजली के दाम कम करना, म्हारा गांव-जगमग गांव योजना के तहत 2887 गांवों में 24 घंटे बिजली की आपूर्ति आदि मुद्दों के साथ चुनाव में उतरने की योजना है।