विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 01, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिन में चलाते थे आरओ प्लांट, रात में चलती थी शराब की अवैध फैक्ट्री

By JagranEdited By:
Published: Mon, 01 Nov 2021 11:55 PM (IST)

संवाद सहयोगी महम कस्बे में पकड़ी गई अवैध शराब की फैक्ट्री के मामले में लगातार नई-नई ज

दिन में चलाते थे आरओ प्लांट, रात में चलती थी शराब की अवैध फैक्ट्री
दिन में चलाते थे आरओ प्लांट, रात में चलती थी शराब की अवैध फैक्ट्री

संवाद सहयोगी, महम : कस्बे में पकड़ी गई अवैध शराब की फैक्ट्री के मामले में लगातार नई-नई जानकारी सामने आ रही है। पुलिस जांच में पता चला है कि शराब माफिया राकेश और उसके साथियों ने करीब दो माह पहले आरओ प्लांट का लाइसेंस लिया था, जिसके बाद उन्होंने शराब की अवैध फैक्ट्री शुरू कर दी थी। हैरानी की बात यह है कि फैक्ट्री का दरवाजा हर समय बंद रहता था। दिन में आरओ प्लांट पर पानी सप्लाई का काम होता था तो शाम होते ही शराब फैक्ट्री शुरू हो जाती थी। जिस लेबर से दिन में आरओ का काम कराया जाता था बाद में उसी लेबर को दोगुनी तनख्वाह का लालच देकर शराब तैयारी कराई जाती थी। 29 अक्टूबर की रात जिस समय पुलिस ने वहां पर छापेमारी की उससे कुछ देर पहले ही शराब माफिया और उसके साथी वहां से निकले थे। हद तो यह है कि फैक्ट्री का पूरा कामकाज आरोपित खुद ही देखते थे। हिसाब-किताब के लिए भी कोई मैनेजर या अन्य जिम्मेदार व्यक्ति नहीं रखा था। आरोपितों ने ऐसा इसलिए कर रखा था कि जिससे किसी को भी यह पता ना चल सके कि फैक्ट्री अवैध रूप से चल रही है। जो लेबर वहां पर लगा रखी थी वह अनपढ़ थी। उन्हें इससे कोई लेना-देना नहीं था कि फैक्ट्री का लाइसेंस है या फिर नहीं। बाबा दलेल गिरी की भूमिका भी संदिग्ध

इस मामले में पुलिस ने हिसार निवासी राकेश, उसके साथी धर्मेंद्र और विशाल समेत कई अन्य पर केस दर्ज कर रखा है। महम एरिया में चर्चित बाबा दलेल गिरी पर भी केस दर्ज है। आरोप है कि जिस जमीन पर यह फैक्ट्री चल रही थी वह दलेल गिरी के नाम पर है। महम एरिया में बाबा दलेल गिरी काफी सुर्खियों में रहता था, जो विवाद होने पर लोगों के समझौते भी कराता था। अवैध शराब की फैक्ट्री के मामले में बाबा दलेल गिरी की भूमिका भी शक के घेरे में है। क्योंकि किराये पर जमीन लेकर अगर वहां पर शराब फैक्ट्री चल रही है तो बाबा को भी इसकी जानकारी तो जरूर होगी। फिलहाल बाबा के हाथ आने के बाद ही इस मामले में कुछ पता चल सकेगा। नए एसएचओ ने संभाला चार्ज, दिन भर इसी मुद्दे पर होती रही जांच

अवैध शराब की फैक्ट्री के मामले में महम एसएचओ शमशेर सिंह पर गाज गिर गई है। उन्हें रविवार देर रात लाइन में भेज दिया गया। जबकि उनके स्थान पर अर्बन एस्टेट एसएचओ प्रहलाद सिंह को महम की जिम्मेदारी दी गई है। नवनियुक्त एसएचओ प्रहलाद सिंह ने सोमवार सुबह कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार संभालने के बाद दिन भर इसी मामले की फाइल खंगाली जाती रही। साथ ही मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बना दी गई। थाना प्रभारी इस मामले को खुद लीड कर रहे हैं। यह था मामला

महम थाना पुलिस ने 29 अक्टूबर की रात पुराना बाईपास के नजदीक शराब की अवैध फैक्ट्री पकड़ी थी। जहां से भारी मात्रा में शराब की खेप बरामद की गई थी। मौके से 13 हजार लीटर स्प्रिट भी बरामद की गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपित अभी तक फरार चल रहे हैं।

----------------------

छापेमारी के दौरान लेबर के छह कर्मचारी पकड़े गए थे, जिसमें चार नाबालिग और दो बालिग थे। बालिग आरोपित यूपी के गाजीपुर निवासी रामप्रवेश और गुलशन को दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, लेकिन उन्हें इसके बारे में अधिक जानकारी नहीं है। जल्दी ही मुख्य आरोपितों को भी पकड़ लिया जाएगा।

- इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह, थाना प्रभारी महम।