महम के नजदीक हिरणों को कुत्तों ने काटा, बचाव कर चिड़ियाघर पहुंचाए
जागरण संवाददाता रोहतक महम के नजदीक कुत्तों ने चितल हिरण के एक जोड़े को काट लि
जागरण संवाददाता, रोहतक :
महम के नजदीक कुत्तों ने चितल हिरण के एक जोड़े को काट लिया। इसकी सूचना मिलने पर वन्य प्राणी विभाग की टीम वहां पहुंची और घायल जोड़े को लघु चिड़ियाघर लाया गया। जहां पर उनका उपचार किया जा रहा है। घायल अवस्था में यहां लाए गए हिरणों में से एक नर व एक मादा है। दोनों का प्राथमिक उपचार यहां किया गया है। नर हिरण ठीक है जबकि मादा के स्वास्थ्य में भी सुधार है। वन्य प्राणी विभाग के अधिकारियों को सूचना मिली कि महम के नजदीक भिवानी की ओर चितल हिरण के जोड़े को कुत्तों ने काटकर घायल कर दिया है। जिसके बाद डा. अशोक खास की अगुवाई में टीम वहां पहुंची। चितल हिरण के जोड़े पर कुत्तों ने हमला कर घायल किया हुआ था और लहुलुहान अवस्था में उनको यहां लाकर उपचार किया गया। नर हिरण की उम्र करीब ढाई साल जबकि मादा हिरण की उम्र करीब डेढ साल बताई जा रही है। उधर, इस मामले में मंडल वन्य प्राणी संरक्षण अधिकारी दीपक अलावादी ने बताया कि घायल अवस्था में दोनों हिरणों को यहां लघु चिड़ियाघर लाकर उनका उपचार किया गया है। दोनों की हालत अब ठीक है। उन्होंने यह भी बताया कि चितल शेड्यूल थ्री का वन्य प्राणी है। वन्य प्राणियों की सुरक्षा के लिए विभिन्न स्थानों पर वन्य प्राणी सेवक भी काम कर रहे हैं।