आरएसएस कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में प्रदर्शन, जमकर हुई नारेबाजी
केरल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं राष्ट्रवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं की हत्याओं के विरोध में प्रदर्शन किया गया।
जेएनएन, रोहतक। केरल में मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी के लोगों द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं राष्ट्रवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं की निर्मम हत्याओं के विरोध में लोकतंत्र बचाओ मंच द्वारा प्रदर्शन व आक्रोश सभा का आयोजन किया। इससे पहले मानसरोवर पार्क में एकत्रित हुए और संतों की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। आक्रोश प्रदर्शन पूरे देश में प्रत्येक जिले केंद्र पर विभिन्न राष्ट्रवादी संगठनों द्वारा केरल में सीपीएम द्वारा हो रही हिंसक वारदातों के विरोध में किए गए। सभा का संचालन मंजीत सिंह ने किया।
विहिप के राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन ने कहा कि माकपा शासित राज्यों में कार्यकर्ताओं की हत्या घोर निंदनीय है। सुभाष आहुजा ने कहा कि ये देश विरोधी तत्व देश को अस्थिर करने की समय-समय पर कोशिश करते रहते हैं। ये शहीदों के बलिदान का अपमान करते हैं और पाकिस्तान से हमदर्दी रखते हैं। ये सेना पर पत्थर मारने वालों का पक्ष लेते हैं। देश के विश्व विद्यालयों में छात्रों को गुमराह कर देश विरोधी नारे लगवाते हैं। संयोजक सुदर्शन ढींगड़ा ने कहा कि केरल में लगभग 250 से अधिक कार्यकर्ताओं की नृशंस हत्या शर्मनाक है। मुख्यमंत्री के गृह जिले कुन्नूर में सबसे अधिक 82 हत्याएं हुई हैं।
यह भी पढ़ें : जाटों का अहयोग आंदोलन शुरू: न बिजली बिल देंगे न दूध, दिल्ली कूच कर रहे जाट