दुल्हन अपहरण केस में मुख्य आरोपित गिरफ्तार
शादी के बाद ससुराल जाने के दौरान हथियार के बल पर दुल्हन के अपहरण के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है।
संवाद सहयोगी, कलानौर : शादी के बाद ससुराल जाने के दौरान हथियार के बल पर दुल्हन के अपहरण के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित को कोर्ट में पेश करते हुए एक दिन की रिमांड पर हासिल किया है। वारदात के षड्यंत्र में शामिल पांच आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
24 अगस्त को मोखरा मोड़ कलानौर से हथियारों के बल पर दुल्हन के अपहरण का मामला सामने आया था। जिला भिवानी निवासी युवक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। उपपुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि 24 अगस्त को भिवानी निवासी युवक की मोखरा निवासी युवती से शादी हुई थी। शादी के बाद नवविवाहित युवक-युवती कार में सवार होकर भिवानी जा रहे थे। रास्ते में मोखरा मोड़ के पास अज्ञात युवकों ने हथियार के बल पर दुल्हन का अपहरण कर लिया था। इसके बाद दुलहन को सोनीपत से सकुशल बरामद कर दिया था। रविवार को सीआइए वन की टीम ने सहायक उप निरीक्षक रविद्र के नेतृत्व में झज्जर जिले के गांव दुबलधन में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित मोहित निवासी गांव मोखरा को गिरफ्तार कर लिया।