कोर्ट में प्रेमी जोड़ा मांग रहा था सुरक्षा, बाहर जान के दुश्मन बन खड़े रहे परिजन
प्रेमी जोड़े ने सेशन कोर्ट में कहा कि हम जीना चाहते हैं और घरवाले मारना। कोर्ट के आदेश पर पुलिस सुरक्षा में उन्हें सेफ हाउस भिजवा दिया गया है।
जेएनएन, रोहतक। सेशन कोर्ट में एक प्रेमी जोड़ा सुरक्षा की मांग कर रहा था और बाहर उनके परिजन जान के दुश्मन बनकर खड़े थे। प्रेमी जोड़े ने गुहार लगाते हुए कहा कि साहब! हम एक-दूसरे के साथ जीना चाहते हैं, लेकिन परिवार वाले ही जान के दुश्मन बने हुए हैं। अगर हमे सुरक्षा नहीं दी गई तो परिवार वाले हमें मार सकते हैैं। दोनों के बालिग होने के कारण कोर्ट ने प्रेमी-जोड़े को सुरक्षा के आदेश देते हुए उन्हें पुलिस सुरक्षा में सेफ हाउस भिजवा दिया।
शिवाजी कॉलोनी थाना क्षेत्र के एक गांव का युवक और बहादुरगढ़ की युवती के बीच प्रेमी-प्रसंग था। कुछ दिन पहले दोनों के घर वालों को पता चल गया। घरवालों ने इसका विरोध किया और दोनों को एक-दूसरे से दूर रहने की हिदायत दी। मगर उन्होंने मिलना जारी रखा और कुछ दिन पहले दोनों घर से भाग गए।
घरवाले तलाश में लगे हुए थे कि शनिवार को प्रेमी जोड़ा सेशन कोर्ट में पहुंच गया। प्रेमी-जोड़े ने जज से गुहार लगाई कि वह साथ जीना चाहते थे। जोड़े ने दावा किया कि उन्होंने शादी भी कर ली। जिस समय प्रेमी-जोड़ा सुरक्षा मांग कर रहा था उस समय परिजन बाहर खड़े हुए थे। परिजन उन्हें अपने साथ लेकर जाना चाहते थे।
दुष्कर्म पीडि़त को कोर्ट परिसर में दी जान से मारने की धमकी
हिसार : अदालत में चल रहे दुष्कर्म के मामले में गवाही देने के लिए पहुंची पीडि़त और उसके परिजनों को अभियुक्त युवक के पिता व एक अन्य परिजन ने कोर्ट परिसर में ही धमकी दे डाली। पुलिस ने महिला के बयान पर जयबीर और शैलेंद्र के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार नवंबर 2017 में महिला ने दीपक व अन्य के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज करवाया था। उस समय पीडि़त अभियुक्त दीपक के पास कार ड्राइविंग सीखने जाती थी। वहां दुष्कर्म का केस होने के बाद दोनों के परिजनों ने पीडि़त और दीपक की शादी करा दी थी। मगर दीपक और उसके परिजन पीडि़त को घर लेकर नहीं गए। पीडि़त की इस मामले में 15 मार्च को डा. पंकज की अदालत में गवाही थी।
गवाही के दौरान पीडि़त के जीजा भी कोर्ट में बाहर ही बैठे थे। महिला ने पुलिस को शिकायत देते हुए कहा कि गवाही देने जाते हुए अभियुक्त दीपक के पिता व चाचा ने उसको जान से मारने की धमकी दी। दोनों ने केस वापस लेने के लिए भी कहा। साथ ही बहू नहीं बनाने की बात कही। महिला ने कहा कि वह लगातार धमकी दे रहे हैं।
यह भी पढ़ेंः अविवाहित गर्भवती युवती को नहीं मिली गर्भपात की इजाजत, जज बोलीं- हाथ कानून से बंधे