विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोहतक के लिव-इन कपल के हत्यारे गिरफ्तार, शराब के नशे में की थी वारदात; फिर शव को नहर में फेंककर हो गए थे फरार

Published: Tue, 06 Oct 2026 10:26 PM (IST)

रोहतक के हसनगढ़ में लिव-इन कपल संदीप और कविता की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों नितेश उर्फ मेडिस और नितेश उर्फ बच्चा को गिरफ्तार कर लिया है।

रोहतक में लिव इन कपल संदीप और कविता के हत्यारे गिरफ्तार, शराब के नशे में की थी वारदात

रोहतक में लिव इन कपल संदीप और कविता के हत्यारे गिरफ्तार, शराब के नशे में की थी वारदात

HighLights

  1. लिव-इन कपल संदीप और कविता की हत्या के आरोपी गिरफ्तार।

  2. आरोपियों ने शराब के नशे में ईंट मारकर की थी हत्या।

  3. शवों को नहर में फेंककर फरार हुए थे दोनों आरोपी।

जागरण संवाददाता, रोहतक। सांपला थाना क्षेत्र के हसनगढ़ में लिव इन कपल संदीप और कविता की हत्या के मामले में सीआइए 2 की टीम ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।आरोपितों की पहचान नितेश उर्फ मेडिस और नितेश उर्फ बच्चा निवासी हसनगढ़ में रुप में हुई है।

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया कि शराब के नशे में झगड़े के चलते उन्होंने संदीप और कविता के सिर पर ईंट मारकर हत्या की और इसके बाद उनके शव को नहर में फेंककर भाग गए। हालांकि, दोनों के शव बरामद होने के बाद पुलिस ने जांच की और आरोपितों को काबू कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपितों ने एक अक्टूबर की रात को संदीप और कविता की सिर में ईंट मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद आरोपितों ने कार से दोनों के शवों को नहर में ले जाकर फेंक दिया। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि शराब के नशे में संदीप और कविता का झगड़ा हो गया था।

जिसके बाद संदीप ने कविता के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब आरोपितों ने दोनों को झगड़ा करने से मना किया तो इस बात पर संदीप नाराज हो गया और उसने आरोपितों के साथ भी मारपीट करनी शुरू कर दी।

जिसके चलते आरोपितों ने दोनों की सिर में ईंट मारकर हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।

रोहतक पीजीआईएमएस में हुआ कविता का पोस्टमार्टम

कविता के शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को रोहतक पीजीआईएमएस में कराया गया। यहां पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बैठे मृतक संदीप के भाई राकेश ने बताया कि कविता के परिवार के लोग सोमवार को बहादुरगढ़ स्थित पोस्टमार्टम हाउस में आए थे।

लेकिन, वह शव देखने के बाद बिना कुछ बताए ही लौट गए। इसके बाद मंगलवार को जिस डाक्टर को कविता का पोस्टमार्टम करना था। वह छुट्टी पर था। जिसके चलते पुलिस की टीम कविता के शव को रोहतक लेकर आई और यहां पर उसका पोस्टमार्टम कराया गया।

दोनों बच्चों को अपने साथ रखना चाहता था संदीप

राकेश ने बताया कि उनका भाई संदीप अपनी बेटी ज्योति और बेटे वरुण को अपने साथ रखना चाहता था। इसको लेकर उसने कोर्ट में याचिका भी दायर की थी। उन्होंने कहा कि संदीप और कविता काफी खुश रहते थे थे और दोनों ने अपनी गृहस्थी भी बसा ली थी। आरोपितों ने दोनों की हत्या कर दी। इसलिए वह पुलिस से इंसाफ की मांग करते हैं और आरोपितों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग करते हैं।

यह है पूरा घटनाक्रम

  • 26 सितंबर- दिल्ली के नेबसराय से कार से कविता और संदीप घूमने के लिए निकले थे।
  • 30 सितंबर- संदीप ने फोन पर अपनी मां से कहा था कि एक- दो दिन में वापस आ जाऊंगा।
  • 1 अक्टूबर - संदीप ने बहन से की थी फोन पर बात
  • 1 अक्टूबर- रात के समय आरोपितों ने की कविता और संदीप की हत्या
  • 4 अक्टूबर - बहादुरगढ़ के आसौदा थाना क्षेत्र में नहर से दोनों के शव बरामद किए गए।
  • 5 अक्टूबर- संदीप की भाई की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और संदीप के शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंपा।
  • 6 अक्टूबर- कविता के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

टीम ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपितों ने संदीप और कविता के सिर में ईंट मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद उनके शवों को नहर में फेंक दिया था। फिलहाल, मामले की जांच जारी है। -सतीश कुमार, सीआईए 2 इंचार्ज ।