नौकरी के साथ जारी रखी पढ़ाई, यूपीएससी की परीक्षा में हासिल की 28वीं रैंक
जागरण संवाददाता रोहतक परिवार और नौकरी की जिम्मेदारी के बावजूद काजल ने यूपीएससी (संघ
जागरण संवाददाता, रोहतक : परिवार और नौकरी की जिम्मेदारी के बावजूद काजल ने यूपीएससी (संघ लोक सेवा आयोग) की परीक्षा में देशभर में 28वीं रैंक हासिल की है। मूल रूप से मेरठ की रहने वाली काजल की तीन साल पहले प्रेमनगर निवासी आशीष से शादी हुई थी। उनकी सफलता पर ससुराल और मायके दोनों में खुशी का माहौल है। पति-पत्नी नौकरी के चलते शादी के बाद से ही दिल्ली के द्वारका में रहते हैं। काजल ने बताया कि वह गुरुग्राम स्थित एक आइटी कंपनी में कार्यरत हैं। यह उनका पांचवा प्रयास था। सबसे पहला प्रयास शादी से पहले साल 2012 में किया था। शादी के बाद पति से इच्छा जाहिर की तो उन्होंने भी परीक्षा की तैयारी के लिए प्रेरित किया।
जिसके बाद तैयारी में जुट गई। लेकिन नौकरी छोड़ने का जोखिम नहीं लिया। स्कूल और कालेज की विज्ञान की पढ़ाई बहुत काम आई। विज्ञान के विषय स्कोरिग माने जाते हैं। इसलिए वैकल्पिक विषय के लिए जीव विज्ञान को चुना। नौ घंटे ऑफिस और आने-जाने के समय को मिलाकर 12 घंटे लगते थे। रात में ही पढ़ने का मौका मिलता था। मेरा फोकस कम समय में ज्यादा पढ़ने पर होता था। सामान्य ज्ञान और करंट अफेयर के लिए ऑफिस जाते समय पढ़ती थी। मोबाइल पर समाचार पत्रों के साथ अन्य जानकारियां लेती थी।
प्री क्लियर होने के बाद मेंस की तैयारी के लिए ऑफिस से डेढ़ महीने की छुट्टी ली। इंटरव्यू के लिए उन सभी कीवर्ड को अच्छे से तैयार कर लिया था जो पूछे जा सकते थे। दोस्तों और इंटरनेट से भी अच्छी मदद मिली। काजल का कहना है कि वह ग्रामीण परिवेश में पली-बढ़ी हैं। गांवों में आज भी महिलाओं की शिक्षा को तव्वजों नहीं दी जाती है। महिलाओं की शिक्षा और कृषि से जुड़ी समस्याओं पर मुख्य तौर पर कार्य करेंगे।