रोहतक के जींद बाईपास चौक पर बनेगा फ्लाईओवर, 91.97 करोड़ रुपये की परियोजना को मिली मंजूरी
जींद बाईपास चौक, रोहतक पर बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए 91.97 करोड़ रुपये की लागत से फ्लाईओवर के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है।

जींद बाईपास पर बनेगा फ्लाइओवर (फाइल फोटो)
HighLights
जींद बाईपास चौक पर यातायात दबाव कम करने हेतु फ्लाईओवर
91.97 करोड़ रुपये की लागत से परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति
एचएसआरडीसी द्वारा एनसीआरपीबी ऋण सहायता से होगा क्रियान्वयन
जागरण संवाददाता, रोहतक। जींद बाईपास चौक पर बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए अब फ्लाईओवर बनाया जाएगा। शहर के इस प्रमुख जंक्शन पर रोज करीब 10 हजार से 12 हजार पैसेंजर कार यूनिट यानि पीसीयू यातायात दर्ज होने के बीच हरियाणा सरकार ने एप्रोच सहित फ्लाईओवर निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है।
परियोजना पर 91.97 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसे हरियाणा राज्य सड़क एवं पुल विकास निगम यानी एचएसआरडीसी की ओर से एनसीआरपीबी ऋण सहायता योजना के तहत क्रियान्वित किया जाएगा।
जींद बाईपास चौक रोहतक के उन प्रमुख मार्ग जंक्शनों में शामिल है, जहां अलग-अलग दिशाओं से आने वाला यातायात एक ही स्थान पर मिलता है। जींद, नरवाना, पानीपत और हिसार की ओर जाने वाले वाहनों के अलावा दक्षिणी बाईपास और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाला यातायात भी इसी मार्ग से गुजरता है। ऐसे में सुबह और शाम के व्यस्त समय में चौक पर वाहनों का दबाव और बढ़ जाता है।
मिश्रित यातायात बढ़ा रहा चौक पर दबाव
इस मार्ग पर प्रतिदिन गुजरने वाले यातायात में कार, बस, ट्रक, ट्रैक्टर और दोपहिया वाहन शामिल हैं। अलग-अलग गति और दिशा में चलने वाले इन वाहनों के कारण चौक पर क्रॉसिंग और टर्निंग के दौरान यातायात की गति प्रभावित होती है। मौजूदा व्यवस्था में वाहनों को एक-दूसरे के रास्ते से गुजरना पड़ता है, जिससे देरी के साथ टकराव के संभावित प्वाइंट भी बनते हैं।
प्रस्तावित फ्लाईओवर का प्रमुख उद्देश्य इसी क्रासिंग यातायात को अलग करना है। फ्लाईओवर बनने के बाद सीधे गुजरने वाले वाहनों को चौक के स्तर पर होने वाले यातायात से अलग मार्ग मिलेगा।
इससे चौक पर वाहनों के टर्न और क्रासिंग की संख्या कम होने की उम्मीद है। इसके परिणामस्वरूप जाम और यात्रा में लगने वाला समय घटाने के साथ सड़क सुरक्षा में भी सुधार हो सकता है।
91.97 करोड़ की परियोजना को मिली प्रशासनिक मंजूरी
लोक निर्माण और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा के अनुसार सरकार प्रदेश के प्रमुख मार्गों पर बढ़ती यातायात जरूरतों को ध्यान में रखकर सड़क परियोजनाओं को प्राथमिकता दे रही है।
इसी कड़ी में जींद बाईपास चौक पर एप्रोच सहित फ्लाईओवर को मंजूरी दी गई है। परियोजना के लिए 91.97 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
एचएसआरडीसी इसे एनसीआरपीबी ऋण सहायता योजना के तहत आगे बढ़ाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद जींद बाईपास चौक पर सीधे और क्रासिंग यातायात को अलग करने की व्यवस्था बनेगी, जिससे रोहतक से जींद, हिसार, पानीपत और आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
