बस में सीट को लेकर हुए विवाद में दोस्तों ने ही मारी थी जाट कॉलेज के छात्र को गोली
ओमैक्स सिटी में जाट कॉलेज के छात्र को कुछ दिन पहले हुए झगड़े का खुलासा हो गया है।
जागरण संवाददाता, रोहतक। ओमैक्स सिटी में जाट कॉलेज के छात्र को कुछ दिन पहले हुए झगड़े के चलते दोस्तों ने ही गोली मारी थी। पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर दो आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
बता दें, कि पुट्ठी सैमाण गांव निवासी अजय कुमार जाट कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र है। शुक्रवार को उसके ही दो दोस्तों ने छात्र को ओमैक्स सिटी में गोली मार दी थी। एक गोली छात्र के पेट और बाजू में लगी थी। फिलहाल घायल का पीजीआइएमएस में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, घायल छात्र ने बयान दिया है कि उसका कुछ दिन पहले कॉलेज के ही छात्र रोहित और मनीष के साथ बस में सीट पर बैठने को लेकर झगड़ा हो गया था। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन दोनों अंदर ही अंदर रंजिश रख रहे थे। घायल छात्र का कहना है कि वह शुक्रवार को पेपर देने जा रहा था। पिस्तौल के बल पर उसे जबरदस्ती बाइक पर बैठाया और ओमैक्स सिटी में जाकर मनीष ने उसे गोली मार दी थी। उसे मरा समझकर आरोपित वहां से फरार हो गए। बयान के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ---
घायल छात्र के बयान के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। जल्दी ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
- देवेंद्र मान, थाना प्रभारी अर्बन एस्टेट