विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोहतक के जसिया में फायर स्टेशन और 33 केवी सब स्टेशन की तैयारी, पंचायत देगी 3 एकड़ से अधिक शामलात जमीन

Published: Fri, 04 Sep 2026 10:32 PM (IST)

रोहतक के जसिया गांव में फायर स्टेशन और 33 केवी सब स्टेशन बनाने की तैयारी है, जिसके लिए ग्राम पंचायत अपनी शामलात जमीन कलेक्टर रेट पर देगी।

जसिया में फायर स्टेशन और 33 केवी सब स्टेशन की तैयारी है।

जसिया में फायर स्टेशन और 33 केवी सब स्टेशन की तैयारी है।

HighLights

  1. जसिया गांव में फायर स्टेशन और 33 केवी सब स्टेशन बनेगा।

  2. ग्राम पंचायत कलेक्टर रेट पर 3 एकड़ से अधिक जमीन देगी।

  3. आगजनी नियंत्रण और बिजली आपूर्ति में सुधार होगा।

रत्न पंवार, रोहतक। बढ़ती आगजनी की घटनाओं और फसलों को होने वाले नुकसान को देखते हुए जिले के मध्य स्थित जसिया गांव में फायर स्टेशन बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए ग्राम पंचायत अपनी शामलात जमीन अग्निशमन और आपातकालीन सेवा विभाग को कलेक्टर रेट पर देने के लिए तैयार है।

वहीं, इसी गांव में 33 केवी बिजली सब स्टेशन के निर्माण के लिए भी पंचायत ने शामलात जमीन देने का प्रस्ताव तैयार किया है। यानी जसिया में एक साथ अग्निशमन व्यवस्था और बिजली ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। जसिया और इसके आसपास के गांवों में पहले भी आगजनी की बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं।

खासकर धामड़ और जसिया के आसपास आग लगने से खड़ी फसलों को भारी नुकसान हुआ था। जिले के मध्य में फायर स्टेशन बनने से आसपास के गांवों में आग लगने की स्थिति में दमकल को अपेक्षाकृत कम समय में मौके तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे खेतों और ग्रामीण क्षेत्रों में आग फैलने से पहले उस पर काबू पाने की संभावना बढ़ेगी।

फायर स्टेशन के लिए 1 एकड़ 4 कनाल 6 मरले जमीन

डीसी रोहतक की ओर से विकास और पंचायत विभाग के महानिदेशक को भेजे गए पत्र के अनुसार ग्राम पंचायत जसिया ने प्रस्ताव संख्या 12 के माध्यम से फायर स्टेशन के निर्माण के लिए शामलात जमीन देने की सहमति दी है। खेवट नंबर 1310, रकबा नंबर 82 के अंतर्गत विभिन्न किला नंबरों की कुल 1 एकड़ 4 कनाल 6 मरले जमीन अग्निशमन और आपातकालीन सेवा विभाग को देने का प्रस्ताव है।

राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2025 का कलेक्टर रेट 48 लाख 40 हजार रुपये बताया गया है। महानिदेशक, अग्निशमन और आपातकालीन सेवा, हरियाणा की ओर से 8 जुलाई 2026 को भेजे पत्र में उक्त जमीन कलेक्टर रेट पर लेने की सहमति भी दी जा चुकी है।

इसके बाद खंड विकास और पंचायत अधिकारी, रोहतक ने भूमि हस्तांतरण का केस तैयार कर डीसी कार्यालय को भेजा। डीसी कार्यालय ने अब पूरा केस आगामी कार्रवाई के लिए विकास और पंचायत विभाग के महानिदेशक को भेज दिया है।

33 केवी सब स्टेशन के लिए भी जमीन

जसिया में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 33 केवी सब स्टेशन बनाने की भी तैयारी है। ग्राम पंचायत ने प्रस्ताव संख्या 13 के माध्यम से इसके लिए 2 एकड़ 3 कनाल 10 मरले शामलात जमीन उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम को कलेक्टर रेट पर देने की इच्छा जताई है।

यह जमीन खेवट नंबर 1310 के रकबा नंबर 81 और 82 में स्थित है। खंड विकास और पंचायत अधिकारी की ओर से 21 अगस्त को भूमि हस्तांतरण का केस डीसी कार्यालय को भेजा गया था। डीसी की ओर से यह मामला भी विकास और पंचायत विभाग के महानिदेशक को आगामी कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।

एक ही गांव में दो बड़ी सुविधा मिलेंगी

जसिया में प्रस्तावित दोनों परियोजनाओं के लिए पंचायत की ओर से कुल 3 एकड़ 7 कनाल 16 मरले शामलात जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। एक ओर फायर स्टेशन बनने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आगजनी से निपटने की क्षमता बढ़ेगी, वहीं 33 केवी सब स्टेशन बनने से बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। दोनों मामलों में भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है और अब विभागीय स्तर पर आगामी कार्रवाई होनी है।

खास बात

  • जसिया जिले के मध्य में स्थित होने के कारण अहम
  • फायर स्टेशन के लिए 1 एकड़ 4 कनाल 6 मरले जमीन
  • 33 केवी सब स्टेशन के लिए 2 एकड़ 3 कनाल 10 मरले जमीन
  • दोनों परियोजनाओं के लिए कुल 3 एकड़ 7 कनाल 16 मरले जमीन
  • आसपास के गांवों में आगजनी की घटनाओं पर तेजी से पहुंच सकेगी दमकल

जलवायु परिवर्तन के चलते बढ़ती आगजनी की घटनाओं के मध्य नजर विकास एवं पंचायत विभाग ने जिले के मध्य में जसिया गांव में एक फायर स्टेशन बनवाने का निर्णय लिया है। ग्राम पंचायत जसिया की शामलात जमीन से जुड़े दो प्रस्ताव डीसी कार्यालय को भेजे गए हैं। पंचायत यह जमीन संबंधित विभागों को कलेक्टर रेट पर देने को तैयार है। दोनों परियोजनाओं से जसिया और आसपास के गांवों में आगजनी से निपटने की व्यवस्था और बिजली आपूर्ति ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है। - राजपाल चहल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, रोहतक।