गर्मी ने किया बेहाल, आज बूंदाबांदी के आसार
मौसम ने करवट बदली और भयंकर गर्मी ने रविवार को लोगों को बेहाल कर दिया। तापमान में भी दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है।
जासं, रोहतक : मौसम ने करवट बदली और भयंकर गर्मी ने रविवार को लोगों को बेहाल कर दिया। तापमान में भी दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। शनिवार को जहां रोहतक का अधिकतम 38 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। वहीं, रविवार को यहां का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान में भी दो डिग्री की वृद्धि हुई और यह 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हालांकि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार और मंगलवार को बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं। जिसके चलते लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। रविवार को सुबह धूप खिली और दोपहर से पहले ही भयंकर गर्मी हो चली। हालांकि आंशिक रूप से बादल भी कहीं कहीं छाए रहे लेकिन उमस भरी गर्मी से लोगों को दिनभर बेहाल किए रखा। दिन ढलने के बाद लोगों को भीषण गर्मी से मामूली राहत मिली। लेकिन उमस बनी रही।