रोहतक में 4 साल की बच्ची के साथ पिता ने ही किया था दुष्कर्म, खुद को बचाने के लिए रची थी स्कूल में रेप की झूठी कहानी
बेटी ने बताया कि स्कूल का ही एक लड़का उसे बिस्कुट दिखाने के बहाने बाथरूम में ले गया। वहां जाने के बाद आरोपित ने उसके मुंह पर टेप लगा दी।

अपनी ही बेटी के लिए पिता बना हैवान। सांकेतिक फोटो
जागरण संवाददाता, रोहतक। लाखनमाजरा थाना क्षेत्र में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपित पिता और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है।आरोपित पिता ने ही अपनी बच्ची के साथ दुष्कर्म किया था और अपने जुर्म को छिपाने के लिए उसने स्कूल में बच्ची के साथ दुष्कर्म होने की कहानी रची थी। हालांकि, पुलिस पूछताछ में आरोपित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
दरअसल, एक महिला ने पुलिस को शिकायत दी थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि उनकी बेटी एक स्कूल में एलकेजी क्लास में पढ़ती है। जिसकी उम्र करीब चार साल है। वह 15 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे स्कूल से घर आइ तो उन्होंने अपनी बेटी के कपड़े बदले।
इस दौरान उनकी बेटी का प्राइवेट पार्ट सुजा हुआ था। इसके बाद वह घबरा गई और अपनी बेटी से इस संबंध में बात की। बेटी ने बताया कि स्कूल का ही एक लड़का उसे बिस्कुट दिखाने के बहाने बाथरूम में ले गया। वहां जाने के बाद आरोपित ने उसके मुंह पर टेप लगा दी। इसके बाद कुंड़ी लगाकर गलत काम किया। इसके बाद बच्ची की मां ने लाखनमाजरा थाने में पुलिस को शिकायत दी और पुलिस लगातार इस मामले में पूछताछ कर रही थी।
एक महीने बाद पुलिस की गिरफ्त में आया आरोपित
पुलिस का कहना है कि आरोपित पिता लगातार इस मामले में अपना बयान बदल रहा था। वहीं बच्ची के बयान में भी बार-बार बदले जा रहे थे। जब आरोपित पिता से सख्ती से पूछताछ की तो उसने कबूल कर लिया कि उसी ने ही अपनी बच्ची के साथ दुष्कर्म किया था।
चार साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में आरोपित पिता और उसकी मां को अरेस्ट कर लिया गया है। दोनों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
- तनुज शर्मा, डीएसपी, महम
