रोहतक में अवैध फैक्ट्री पर छापा, दीपावली से पहले दो करोड़ के पटाखे बरामद; कैंटर मंगवाकर जब्त किया माल
रोहतक के कच्चा चमारियां रोड पर सीआइए ने एक अवैध पटाखा फैक्ट्री पर छापा मारा, जहां से करीब दो करोड़ रुपये के पटाखे और कच्चा माल जब्त किया गया।
-1792361638948_m.webp)
दीपावली से पहले दो करोड़ के पटाखे बरामद। फोटो जागरण
HighLights
रोहतक में अवैध पटाखा फैक्ट्री पर सीआइए का छापा।
करीब दो करोड़ रुपये के पटाखे और कच्चा माल जब्त।
फैक्ट्री संचालक की तलाश जारी, लाइसेंस की जांच।
जागरण संवाददाता, रोहतक। कच्चा चमारियां रोड पर चल रही पटाखा फैक्ट्री पर सीआइए शाखा ने छापा मारकर भारी मात्रा में पटाखे और कच्चा माल बरामद किया है। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पटाखों से भरे 200 से अधिक छोटे-बड़े बाक्स मिले। सामान की मात्रा इतनी अधिक थी कि उसे ले जाने के लिए पुलिस को कैंटर मंगवाना पड़ा। देर रात तक पुलिस की कार्रवाई जारी रही।
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि कच्चा चमारियां रोड पर अवैध रूप से पटाखे बनाने की फैक्ट्री चल रही है। इसके बाद सीआइए टीम ने मौके पर छापा मारा। जांच के दौरान पटाखों से भरे बाक्स के अलावा बड़ी मात्रा में कच्चा माल भी मिला। परिसर में खुले में काफी पटाखे रखे हुए थे, जिन्हें सूखने के लिए रखा गया था। पुलिस बरामद सामान को बाक्स सहित सील करने की कार्रवाई में जुटी रही।
फैक्ट्री संचालक नहीं मिला
कार्रवाई के दौरान मौके पर पांच महिलाएं, एक व्यक्ति और कुछ बच्चे मिले। बताया जा रहा है कि ये लोग फैक्ट्री परिसर में ही रहते थे। वहां मौजूद श्रमिकों ने पुलिस को बताया कि वे काम करने के लिए आए थे और उन्हें पटाखे बनाने के लाइसेंस के बारे में जानकारी नहीं है। फैक्ट्री संचालक मौके पर नहीं मिला।
पुलिस बरामद पटाखों और कच्चे माल को जब्त कर मामले की जांच कर रही है। फैक्ट्री के संचालन के लिए वैध लाइसेंस था या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। साथ ही फैक्ट्री संचालक की पहचान और जिम्मेदारी तय करने के लिए भी पुलिस कार्रवाई कर रही है।
कच्चा चमारियां रोड पर अवैध पटाखा फैक्ट्री चलने की सूचना मिली थी। इस पर कार्रवाई करते हुए करीब दो करोड़ के पटाखे बरामद किए हैं। इनका मौके पर लाइसेंस नहीं मिला है। माल जब्त करने की कार्रवाई जारी है।
- एएसआई विकास कुमार, सीआइए-वन।
