यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 21, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
International yoga day: अमित शाह बाेले- PM मोदी ने योग को दिया वैश्विक रूप
International yoga day पर हरियाणा योगमय हो गया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रोहतक में 25 हजार लोगों के साथ योग किया।

रोहतक/ चंडीगढ़, जेएनएन। International yoga day पर हरियाणा योगमय हो गया। राज्यस्तरीय योग समारोह रोहतक में हुआ। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने हजाारों लोगों के साथ मेला ग्राउंड में आयोजित समारोह में योगासन किए। अमित शाह ने कहा देश में 2014 में एक बड़ा परिवर्तन आया। जब देश की जनता ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया। नरेंद्र मोदी की ही देन है कि आज योग को 200 देश अपना चुके हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री ने हजारों लोग के साथ हरियाणा के राेहतक में किए योगासन
योग समारोह में अमित शाह ने योगसान शुरू होने से पहले लोगाें को संबाेधित किया और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को वैश्विक स्वरूप दिया। इसके सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं । उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने योग परिषद का गठन करके एक सराहनीय कदम उठाया है। अमित शाह ने कहा कि आज मैं यहां कोई राजनीतिक बात नहीं करूंगा।

योग समारोह में लोगों को संबोधित करते केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह।
अमित शाह ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से योग दिवस की बधाई देता हूं। प्राचीन समय से योग क्रियाओं से लोग शरीर को निरोग रख रहे हैं। कई सालों से विदेशियों के राज होने के योग सीमित लोगों तक रह गया। जनता ने 2014 में परिवर्तन कर नरेंद्र मोदी को पीएम बनाया तो माहौल बदल गया। नरेंद्र मोदी ने यूएन में भाषण दिया और उन्होंने योग के ज्ञान व विज्ञान को रखा। योग ज्ञान को देने के लिए बात की और 21 जून को विश्व योग को बनाने प्रस्ताव किया। 177 देशों ने इसका सर्मथन किया। इसके बाद 21 जून को यूएन ने विश्व योग दिवस को मनाने का फैसला किया। आज दुनिया के 200 देशों में लोग योगाभ्यास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि योग दिवस के अवसर के हम पीएम नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हैं कि उन्होंने योग को वैश्विक पहचान दिलाई। स्वामी राम देव,गुरु रवि शंकर जैसे संत योग को आगे बढ़ा रहे हैं। योग ने विश्व में हमारी संस्कृति को बढ़ाने का काम किया।

समारोह को सीएम मनोहरलाल ने भर संबोधित किए गए। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। योग स्थल पर बनाए गए अलग-अलग सेक्टरों में साधकों ने योगासन किया। समारोह में हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर और राेहतक के सांसद अरविंद शर्मा ने योग किया। योगासन शुरू होने से पहले मुख्य अतिथि अमित शाह और हरियाणा के सीएम मनोहरलाल ने लोगों को संबोधित किया। इसके बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, सीएम मनोहर लाल, खेल मंत्री अनिल विज, राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर के साथ 25 हजार लोगों ने योग किया। योग गुरुओं ने योग के विभिन्न आसन कराए।

मुख्य मंच से पतंजलि के अनुभवी योग प्रशिक्षकों ने सुबह सात बजे से से 7 बजकर 45 मिनट तक लोगों को योग के विभिन्न आसन करवाए। समारोह में प्रदेश के मुख्य सचिव डी एस ढेसी, पुलिस महानिदेशक, गृह सचिव, स्वास्थ्य सचिव सहित अन्य अधिकारी भी योग करते नजर आए। ।
13 मजिस्ट्रेट रहे तैनात
समारोह में 13 सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ समन्वय अधिकारियों की नियुक्ति भी की गईजो सभी 63 सेक्टरों में पतंजलि के अनुभवी लोगों के साथ मौजूद थे। योग करने वाले सभी योग साधकों के लिए पीने का स्वच्छ पानी, आधुनिक शौचालय, दो तरह के कूड़ादान, पार्किंग और खाने पीने की सामग्री के लिए समुचित प्रबंध किए गए थे। साधकों को योग किट वितरित की गई।

पानीपत में योग करतीं महिलाएं।
ये योगासन करवाए गए
योग प्रशिक्षकों ने लोगों को ग्रीवाचालन, स्कंध संचालन, ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन व त्रिकोणासन, बैठकर करने वाले दंडासन, भद्रासन, वज्रासन, अर्ध उष्ट्रासन, उष्ट्रासन, शशकासन, उत्तानमंडूक व वक्रासन, पेट के बल लेटकर किए वाले मकरासन, भुजंगासन, शलभासन तथा पीठ के बल लेटकर किए वाले सेतुबंधासन, उत्तानपाद आसन, अर्ध हलासन, पवनमुक्तासन व शवासन आदि योगासनों व प्राणायाम का अभ्यास करवाने के साथ कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली, भ्रामरी व ध्यान का अभ्यास करवाया। इस अवसर रपर संकल्प व शांति पाठ करवाया गया।

सिरसा में योगासन करतीं सांसद सुनीता दुग्गल और महिलाएं।
राज्य के अन्य जिलों में भी योग समारोहों के आयोजन किए गए। सिरसा में आयोजित जिला स्तरीय योग दिवस भगत सिंह खेल परिसर स्टेडियम में हुआ। इसमें मुख्य अतिथि सांसद सुनीता दुग्गल थीं। उन्होंने हजारों लोगों के साथ योग किया। भिवानी मेंभीम स्टेडियम में योग दिवस समारोह में काफी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास किया।

यमुनानगर में आयोजित योग समारोह में विधानसभा स्पीकर व अन्य लोग।
अंबाला, पानीपत, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, जींद और कैथल में भी हजारों की संख्या में लोगों ने योगासन किए। फतेहाबाद में भी लोगों ने जिलास्तरीय योग समारोह में योगासन किए। हिसार में महाबीर स्टेडियम में आयोजित योग समारोह में काफी संख्या में लोग आए और योगाभ्यास किया।
