किक बॉक्सिग में हरियाणा बना ओवरऑल चैंपियन
रोहतक महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक के डा. मंगलसेन जिम्नेजियम हॉल में
जागरण संवाददाता, रोहतक : महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक के डा. मंगलसेन जिम्नेजियम हॉल में आयोजित सीनियर नेशनल किक बॉक्सिग चैंपियनशिप रविवार को संपन्न हो गई। हरियाणा ने 14 गोल्ड सहित कुल 45 पदक जीतकर ओवरऑल ट्रॉफी पर कब्जा किया। दूसरे स्थान पर महाराष्ट्र और तीसरे स्थान पर पंजाब की टीम ने बाजी मारी। विजेता खिलाड़ियों को रोहतक से सांसद डा. अरविद शर्मा ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
वाको किक बॉक्सिग के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा हरियाणा के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। हरियाणा की टीम ने 14 गोल्ड, 15 सिल्वर और 16 ब्रांज मेडल जीतकर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। महाराष्ट्र के खिलाड़ियों ने 14 गोल्ड, आठ सिल्वर और चार ब्रांच मेडल जीतकर दूसरा तथा पंजाब के खिलाड़ियों ने 10 गोल्ड, छह सिल्वर और 11 ब्रांज मेडल जीतकर तीसरे स्थान पर कब्जा किया। इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में 29 राज्यों के करीब 600 महिला व पुरूष खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में मुख्यातिथि सांसद डा. अरविद शर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल युवाओं के लिए खास योजनाएं बना रहे हैं। खेल के क्षेत्र में युवाओं को काफी प्रोत्साहित किया जा रहा है। हरियाणा की खेल नीति की बदौलत आज युवा खेल में अपना कॅरियर बनाने लग गए हैं। कॅरियर के साथ-साथ देश के लिए राष्ट्रमंडल से लेकर ओलंपिक तक पदक युवा जीतने लगे हैं। उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे खिलाड़ियों को शुभकामनाएं व बधाई दी। उन्होंने खेल आयोजक संतोष अग्रवाल व हरियाणा किक बॉक्सिग संघ के पदाधिकारियों की सराहना की और हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया। सांसद डा. अरविद शर्मा को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से आइएएस सुशील सारवान, डा. रीटा शर्मा, प्रो. राजेंद्र प्रसाद गर्ग, राजकुमार अग्रवाल, अनिल गुप्ता, एसएन बंसल, अनिल मोहन आनंद बाबू, अभिषेक जैन, राजीव मलिक, कार्तिक, महेश कुशवाह, मुकेश गोयल, महेंद्र पुनियानी, कपिल सहगल सहित अन्य ऑफीशियल को भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।