ग्रोवर ने कसा तंज, कांग्रेस और इनेलो का अस्तित्व खत्म, जजपा ने चलना भी नहीं सिखा
जागरण संवाददाता रोहतक सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने दावा किया कि भाजपा जीत की
जागरण संवाददाता, रोहतक : सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने दावा किया कि भाजपा जीत की हैट्रिक लगाएगी। पहले भाजपा ने निगम चुनाव में जीत दर्ज की, उसके बाद जींद उपचुनाव में विरोधियों को पटखनी दी और अब लोकसभा चुनाव में सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
सहकारिता मंत्री मंगलवार शाम को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा की कॉलोनी आदर्श नगर में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। सहकारिता मंत्री ने इनेलो व कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि दोनों पार्टियों का प्रदेश से अस्तित्व खत्म हो चुका है और जजपा ने सही चलना भी नहीं सीखा है। प्रदेश की जनता कांग्रेस व इनेलो शासनकाल को देख चुकी है कि किस तरह भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया गया। भाई-भतीजावाद के सहारे सरकार चलाई है, लेकिन पौने पांच साल के कार्यकाल में भाजपा ने पारदर्शिता को बढ़ावा दिया और भ्रष्टाचार पर पूरी तरह से रोक लगाई। आज पार्टी का जनाधार बढ़ रहा है। उससे साफ है कि प्रदेश में दोबारा से मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार बनेगी और लोकसभा में दस की दस सीटों पर पार्टी जीत दर्ज करेगी। रोहतक सीट को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश की पहली ऐसी सीट होगी, जिसे भाजपा सबसे अधिक वोटों से जीतेगी। इस अवसर पर महामंत्री सतीश आहुजा पार्षद राजकमल सहगल जिला मीडिया प्रभारी शमशेर खरक, मंडल अध्यक्ष पंकज छाबड़ा, पवन आदि मौजूद रहे।