हरियाणा के चार महिला पहलवानों का दबदबा, जीते गोल्ड
दूसरे दिन महाराष्ट्र राजस्थान व झारखंड के खिलाड़ियों का भी रहा दबदबा - पुरुष वर्ग में अधिकतर श्रेणी में हरियाणा के खिलाड़ी फाइनल मुकाबले में
जागरण संवाददाता, रोहतक:
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में नेशनल रेसलिग फेडरेशन कप-2022 के दूसरे दिन हरियाणा के चार महिला पहलवानों ने गोल्ड मेडल जीते। हालांकि नेशनल अंडर-20 और अंडर-15 फेडरेशन कप में महिलाओं के मुकाबले में दूसरे दिन भी महाराष्ट्र, झारखंड और राजस्थान के पहलवानों का सिक्का चला। वहीं, पुरुष वर्ग में हरियाणा के पहलवान अधिकतर मुकाबलों में फाइनल में प्रवेश कर गए हैं।
महिला 33 किग्रा भार वर्ग में महाराष्ट्र की कस्तूरी ने गोल्ड, पंजाब की महक प्रीत ने सिल्वर और महाराष्ट्र की वैभवी व प्रियंका ने ब्रांज मेडल जीता। 36 किग्रा भारवर्ग में हरियाणा की तनिशा ने गोल्ड, हरियाणा की प्रीति ने सिल्वर और महाराष्ट्र की वेदिका व खूश्बू झारखंड ने ब्रांच मेडल जीता। 39 किग्रा भार वर्ग में हरियाणा की दिपांशी ने गोल्ड, राजस्थान की कशिश ने सिल्वर और ब्रांच मेडल हरियाणा की रचना व मान्या राजस्थान के नाम रहा। वहीं, पुरुष वर्ग में 41 किग्रा भारवर्ग में दिल्ली के प्रदीप ने हरियाणा व कर्नाटक और राहुल कुमार ने मध्य प्रदेश व हरियाणा को हराकर फाइनल में प्रवेश पा लिया है। 48 किग्रा भारवर्ग में अमरजीत हरियाणा ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और महाराष्ट्र को हराकर फाइनल में प्रवेश पा लिया है। इसी वर्ग में झारखंड के अरविद ने राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा को हराकर फाइनल में जगह बना ली है। 57 किग्रा भारवर्ग में झारखंड के अकेश कुमार ने मध्य प्रदेश, केरला और राजस्थान को हराकर फाइनल में प्रवेश पा लिया है। हरियाणा के गौरव ने इसी भारवर्ग में महाराष्ट्र व उत्तर प्रदेश को हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। वहीं, 61 किग्रा भारवर्ग में पंजाब के मनजोन ने केरला, महाराष्ट्र और झारखंड को हराया, वहीं, उत्तर प्रदेश के अंकित ने कर्नाटक, मध्य प्रदेश और हरियाणा को हराकर फाइनल में प्रवेश पा लिया है। कार्यक्रम के दूसरे दिन भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं भाजपा सांसद बृजभूषण शरण मौजूद रहे। इन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।