पीजीआई में उपचार के लिए पहुंचे चार और मरीज
जागरण संवाददाता रोहतक आंखों में इंफेक्शन फैलने से परेशान चार और मरीज शुक्रवार को
जागरण संवाददाता, रोहतक : आंखों में इंफेक्शन फैलने से परेशान चार और मरीज शुक्रवार को पीजीआइ में उपचार के लिए पहुंचे। जिसके कारण अब मरीजों की संख्या बढ़कर 66 पर पहुंच गई है। स्थिति यह है कि मरीजों की संख्या में दिन प्रतिदिन इजाफा हो रहा है, लेकिन अभी तक दवाओं के सैंपल रिपोर्ट नहीं आ सकी है। जिससे साफ हो सके कि चिकित्सकों की लापरवाही से मरीजों को परेशानी हुई या दवाओं में बैक्टीरिया के कारण।
11 से 18 मार्च के बीच भिवानी स्थित सरकारी अस्पताल में आंखों का ऑपरेशन कराने वाले मरीजों की आंखों की रोशनी वापस नहीं आई थी। साथ ही आंखों में जलन और दर्द की समस्या के चलते मरीजों ने चिकित्सकों से संपर्क किया था। जिसके बाद चिकित्सकों ने जांच की तो पाया कि आंखों में इंफेक्शन फैल चुका है। जिसके बाद मरीजों को पीजीआइ में दोबारा ऑपरेशन के लिए भर्ती कराया था। शुक्रवार तक 66 मरीज पीजीआइ में उपचार के लिए पहुंच चुके हैं। इनमें से आधे से अधिक मरीजों को ऑपरेशन के बाद पीजीआइ से छुट्टी दी जा चुकी है, लेकिन उनकी आंखों की पर्याप्त रोशनी वापस नहीं आ सकी है। जबकि अन्य मरीजों का अभी भी पीजीआइ में उपचार चल रहा है। वहीं भर्ती मरीजों को छुट्टी देने के मामले में पीजीआइ प्रबंधन ने कोई जानकारी नहीं दी है। जांच रिपोर्ट का अभी भी इंतजार
करीब 10 दिनों पूर्व भिवानी स्थित सरकारी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान प्रयोग होने वाली दवाओं के सैंपल लिए गए थे। जिसके बाद जांच रिपोर्ट एक सप्ताह में आने की बात अफसर कर रहे थे, लेकिन दस दिनों बाद भी जांच रिपोर्ट नहीं आ सकी है। जिसके चलते मरीजों के साथ हुई घटना के दोषी मजे से घूम रहे हैं।