पहली बार पति की पहनी थी चेन, दिनदहाड़े झपट ले गए बदमाश
रामगोपाल कालोनी में मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश दिनदहाड़े महिला के गले से सोने की चेन झपट कर ले गए। महिला स्कूटी पर सवार होकर किसी कार्य से जा रही थी। बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। महिला ने पहली बार अपने पति की चेन पहनी थी। अर्बन इस्टेट थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जागरण संवाददाता, रोहतक :
रामगोपाल कालोनी में मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश दिनदहाड़े महिला के गले से सोने की चेन झपट कर ले गए। महिला स्कूटी पर सवार होकर किसी कार्य से जा रही थी। बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। महिला ने पहली बार अपने पति की चेन पहनी थी। अर्बन इस्टेट थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से सीसरखास निवासी ट्रांसपोर्टर राकेश कुमार ने बताया कि काफी समय से परिवार के साथ रामगोपाल कालोनी में पूर्व मंत्री आनंद सिंह दांगी की गली में रह रहा है। बृहस्पतिवार को उसकी पत्नी मंजू लता स्कूटी पर सवार होकर दिल्ली बाईपास पर जा रही थी। मेन रोड के समीप मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके पास रुके और सोनीपत स्टैंड जाने के बारे में जानकारी ली। मंजू लता ने स्कूटी रोक रास्ता बताया और इसके बाद वापस चलने लगी। इसी दौरान एक युवक मोटरसाइकिल से नीचे उतरा और उसके गले से सोने की चेन झपट ली। इसके बाद दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। चलती स्कूटी से चेन स्नेचिग होने से मंजू लता का संतुलन बिगड़ गया, लेकिन संयोग से स्कूटी नहीं गिरी। पुलिस कंट्रोल में सूचना देने के बाद अर्बन इस्टेट थाना पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और आरोपितों के बारे में जानकारी ली। गली के मोड़ पर लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश कैद हो गए हैं। पुलिस ने फुटेज लेकर जांच शुरू कर दी है। मोटरसाइकिल राइड करे बदमाश ने हेलमेट लगा रहा था जबकि पीछे बैठे ने मुंह पर रूमाल बांध रखा था। पति की चेन पहन गई थी गांव
मंजू लता ने बताया कि बुधवार को गांव सीसरखास में पूजा अर्चना करने परिवार के साथ गई थी। इसी दौरान उन्होंने पति राकेश की चेन पहन ली। देर शाम का वापस लौटे थे, इसलिए चेन निकालकर रखना भूल गई। बृहस्पतिवार सुबह बदमाश चेन को झपटकर ले गए। चेन करीब ढाई तोला सोने की बनी हुई थी, जो उसके पति ने करीब दस साल पहले हुई शादी में पहनी थी। इस चेन से उनकी यादें भी जुड़ी हुई थी।
---------
चेन स्नेचिग की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस कर्मी पहुंच गए थे। महिला से पूछताछ करने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से फुटेज निकलवाई गई है। अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फुटेज के आधार पर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
शमशेर सिंह, प्रभारी, अर्बन इस्टेट थाना।