रोहतक में पौधारोपण के लिए लोगों में उत्साह, दो दिन में सात हजार ने कराया पंजीकरण
नगर निगम प्रशासन ने अभियान शुरू कर दिया है। कोरोना संक्रमण के चलते लोगों से सहयोग मांगा है कि वह पौधे लगवाने के लिए टोल फ्री नंबर पर ब्योरा दें।
जागरण संवाददाता, रोहतक : शहरी क्षेत्र में पौधे लगवाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने अभियान शुरू कर दिया है। कोरोना संक्रमण के चलते लोगों से सहयोग मांगा है कि वह पौधे लगवाने के लिए टोल फ्री नंबर पर ब्योरा दें। बृहस्पतिवार तक करीब साढ़े सात हजार लोगों ने पौधे लगवाने के लिए दिलचस्पी दिखाई है। निगम प्रशासन इस साल एक लाख पौधे लगवाने का लक्ष्य तय कर चुका है।
नगर निगम के मेयर मनमोहन गोयल ने बताया कि 50 हजार फलदार और 50 हजार छायादार पौधे शहरी क्षेत्र में लगवाने का लक्ष्य किया गया है। इस बार नीम, बरगद, पीपल, पिलखन, कट सागवान, पापड़ी, कुसुम पौधे लगवाए जाएंगे। इनके अलावा चौकरासिया, मौलश्री, बखान, बहेड़ा, शीशम, सफेदा, पोपुलर, रोहेड़ा, टून, टीक, संबल, अर्जुन, सिरस, खैर, कीकर, ढाक, सुबबूल, जंगली जलेबी भी लगवाए जाएंगे। वहीं, फ्रेंस, पहाड़ी पापड़ी, जकारांडा, कचनार, गुलमोहर, सिल्वर आक, सी-सिमेया, अल्टोनिया, मिलेटिया, पुत्राजीवा, अन्य ओरनामेंटल, आम, जामुन, अमरूद, अनाज, इमली, पपीता, नींबू, बेरी, लसूरा, आंवला, बेल पत्थर, अन्य फलदार पौधे भी लगाने की तैयारी है।
पौधे लगवाने के लिए इस टोल फ्री नंबर पर दें जानकारी
मेयर गोयल ने बताया है कि पौधे लगवाने के लिए नगर निगम के टोल फ्री नंबर 18001805007 पर संपर्क करें। संबंधित टोल फ्री नंबर पर नाम, मोबाइल नंबर, वार्ड, गली, मकान नंबर और कहां और किस श्रेणी के पौधे लगवाने हैं यह ब्योरा देना है। व्यक्ति खुद भी पौधे लगा सकते हैं, निगम की टीमों की भी मदद ली जा सकती है। वर्जन
जनता से हमारी यही अपील है कि वह पौधे लगवाने के लिए पंजीकरण कराएं। लोग खुद भी पौधे ले जा सकते हैं। जरूरत पड़ने पर सार्वजनिक स्थानों पर निगम की टीम भी मदद करेगी।
मनमोहन गोयल, मेयर, नगर निगम