सशक्त महिला परिषद् ने किया महिलाओं को सम्मानित
जागरण संवाददाता, रोहतक : अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बृहस्पतिवार को झज्जर रोड स्थित वैश्य
जागरण संवाददाता, रोहतक : अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बृहस्पतिवार को झज्जर रोड स्थित वैश्य महिला महाविद्यालय परिसर में सशक्त महिला परिषद् और वैश्य महिला महाविद्यालय द्वारा संयुक्त रूप से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि हरियाणा महिला आयोग की चेयरमैन प्रतिभा सुमन, विशिष्ट सीजेएम सुकीर्ति गोयल व समाजसेवी संध्या जैन रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता वैश्य महाविद्यालय की प्राचार्या प्रतिभा गर्ग व सशक्त महिला परिषद् की प्रधान मोनिका भटनागर ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर प्रतिभा सुमन ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं। वे अपने पैरों पर खड़ा होकर जीवन यापन कर है। सीजेएम सुकीर्ति गोयल ने महिलाओं को शिक्षा के प्रति विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं पढ़-लिखकर ही स्वाभिमानी बन सकेंगे। पूरे विश्व में महिलाओं ने अपनी अलग पहचान कायम की है। रानी लक्ष्मी बाई, इंदिरा गांधी, कल्पना चावला जैसी महिलाओं ने पूरे विश्व को अपनी प्रतिभा के बलबूते पर बदलने का काम किया है। सशक्त महिला परिषद् की प्रधान मोनिका भटनागर ने सभी आगंतुक महिलाओं का आभार प्रकट करते हुए कहा कि महिलाओं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सभी को प्रयास करने होंगे। समाज में महिलाओं की हत्या, बलात्कार जैसी घटनाएं हो रही हैं। जिनसे निपटने के लिए सरकारों को कठोर कानून बनाने चाहियें। जिनसे अपराधों पर अंकुश लग सके। इस अवसर पर डा. रेणू चुघ, पायल, इशिता, मुकेश देवी, मुन्नी गोदारा, चेतना अरोड़ा, आशा खत्री, डा. मंजू बाला, डा. मिनाक्षी कौशिक, एमटीएफसी, जन सेवा संस्थान व किरण गुप्ता को स्मृति चिह्न व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।