यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 26, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
खेल क्षेत्र में बेहतरीन उपलब्धियों पर डा. देवेंद्र ढुल को मिला अवार्ड
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय को देश-विदेश में बुलंदियों पर पहुंचाने के लिए खेल निदेशक डा. देवेंद्र सिंह ढुल को हरियाणा के ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, रोहतक : महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय को देश-विदेश में बुलंदियों पर पहुंचाने के लिए खेल निदेशक डा. देवेंद्र सिंह ढुल को हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने बेस्ट उपलब्धियों का अवार्ड देकर सम्मानित किया। एमडीयू इसी सत्र में अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता, उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय बैडमिटन प्रतियोगिता और उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय महिला क्रिकेट में चैंपियन बना है। अन्य स्पर्धाओं में भी उम्मा प्रदर्शन विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने किया है।
बता दें कि खेल निदेशक डा. देवेंद्र सिंह ढुल के मार्गदर्शन में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के खिलाड़ी विश्वविद्यालय खेलों में ही नहीं बल्कि ओलिपिक, कामनवेल्थ, एशियाड और विश्व चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। कबड्डी का भी एमडीयू हब बन चुका है। यहां प्रैक्टिस कर खिलाड़ी प्रो कबड्डी में रातोंरात स्टार बन गए हैं। कबड्डी खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखते हुए नौकरियां भी हाथोंहाथ मिल रही है। अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता में भी एमडीयू के दो खिलाड़ियों को सेना में नौकरी का आफर मिला है। कबड्डी ही नहीं क्रिकेट, बाक्सिग, कुश्ती, एथलेक्टिस और अन्य खेलों में भी एमडीयू के खिलाड़ी देश-विदेश में नाम कमा रहे हैं। कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने भी खेल निदेशक डा. देवेंद्र सिंह ढुल के बेहतर खेल प्रबंधन की सराहना की और इसी तरह खेल क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए शुभकामनाएं दी। डा. देवेंद्र ढुल ने विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय, कुलपति प्रो. राजबीर सिंह का आभार प्रकट किया। उन्होंने इस अवार्ड का श्रेय खेल विभाग के प्रशिक्षकों व कर्मचारियों को दिया है। अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता के समापन समारोह में टीवी रियलिटी शो में हिस्सा लेने वाले बच्चों ने अदभुत प्रदर्शन कर वहां मौजूद लोगों को रोमांचित कर दिया। एमडीयू के कुलसचिव डा. गुलशन लाल तनेजा, डीन, छात्र कल्याण डा. राजकुमार भी विशेष रूप से मौजूद रहें।
